Molitics Logo
होम सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस वर्मा के खिलाफ FIR की गुहार, याचिकाकर्ता ने उठाए बड़े सवाल

सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस वर्मा के खिलाफ FIR की गुहार, याचिकाकर्ता ने उठाए बड़े सवाल

इस याचिका में दिल्ली पुलिस को जस्टिस वर्मा के सरकारी आवास से अधजली नकदी मिलने के मामले में एफआईआर दर्ज करने का निर्देश देने की मांग की गई थी।

सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस वर्मा के खिलाफ FIR की गुहार, याचिकाकर्ता ने उठाए बड़े सवाल
फोटो: सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस वर्मा के खिलाफ FIR की गुहार, याचिकाकर्ता ने उठाए बड़े सवाल
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को दिल्ली हाईकोर्ट के जस्टिस यशवंत वर्मा से जुड़े मामले में दायर याचिका पर तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया। इस याचिका में दिल्ली पुलिस को जस्टिस वर्मा के सरकारी आवास से अधजली नकदी मिलने के मामले में एफआईआर दर्ज करने का निर्देश देने की मांग की गई थी। हालांकि, प्रधान न्यायाधीश (CJI) संजीव खन्ना की अध्यक्षता वाली पीठ ने स्पष्ट किया कि याचिका पर सुनवाई की जाएगी, लेकिन तत्काल सुनवाई नहीं होगी।

याचिकाकर्ता ने उठाया सवाल


याचिका दायर करने वाले वकील मैथ्यूज जे. नेदुम्परा ने अदालत से अपील की कि इस मामले को त्वरित सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाए, क्योंकि यह व्यापक जनहित से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कोर्ट में तर्क दिया कि यदि ऐसा मामला किसी आम नागरिक का होता, तो केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) जैसी जांच एजेंसियां तुरंत हरकत में आ जातीं। इस पर मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना ने कहा, "याचिका पर सुनवाई होगी, लेकिन सार्वजनिक बयानबाजी न करें।"

नेदुम्परा और तीन अन्य याचिकाकर्ताओं ने रविवार को यह याचिका दायर कर पुलिस को इस मामले में एफआईआर दर्ज करने का निर्देश देने की अपील की थी। इस याचिका में 1991 के के. वीरस्वामी मामले में दिए गए सुप्रीम कोर्ट के फैसले को भी चुनौती दी गई है, जिसमें कहा गया था कि किसी हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट के जज के खिलाफ कोई भी आपराधिक कार्यवाही भारत के प्रधान न्यायाधीश (CJI) की पूर्व अनुमति के बिना शुरू नहीं की जा सकती।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, आग लगने की घटना के दौरान सबसे पहले मौके पर पहुंचने वाले पांच पुलिसकर्मियों ने अपने मोबाइल फोन दिल्ली पुलिस मुख्यालय को सौंप दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक, इन फोनों का इस्तेमाल भारत के मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना द्वारा गठित तीन सदस्यीय न्यायिक समिति द्वारा की जा रही जांच में किया जाएगा।

Read This Also:- इमरान प्रतापगढ़ी को सुप्रीम कोर्ट से राहत, भड़काऊ गाने के मामले में FIR खारिज