प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से फोन पर बात की और हादसे की जानकारी ली। मंत्री ने बताया कि वे तत्काल अहमदाबाद रवाना हो रहे हैं ताकि राहत और बचाव कार्यों की निगरानी की जा सके। पीएम मोदी ने निर्देश दिया कि हर प्रभावित व्यक्ति तक तुरंत मदद पहुंचाई जाए और उन्हें लगातार स्थिति से अवगत कराया जाए। नागरिक उड्डयन मंत्री ने लिख, "हादसे की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। सभी विमानन और आपातकालीन एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे तेज़ और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करें। बचाव दल तैनात किए जा चुके हैं और राहत कार्य प्राथमिकता पर हैं।"
राष्ट्रपति, गृहमंत्री, सीएम योगी और अन्य नेताओं की संवेदनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू: यह हृदयविदारक त्रासदी है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं।
गृहमंत्री अमित शाह: आपदा प्रतिक्रिया बलों को तुरंत मौके पर भेजा गया है। मैंने गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल और अहमदाबाद पुलिस आयुक्त से भी बात की है। स्थिति पर पूरी नज़र रखी जा रही है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ: यह बहुत ही दुखद हादसा है। मेरी प्रार्थनाएं यात्रियों की सलामती के लिए हैं और शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं हैं।
विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, "यह हादसा दिल दहला देने वाला है। पीड़ितों के परिवारों के दुख की कल्पना नहीं की जा सकती। प्रशासन को तुरंत और प्रभावी राहत-बचाव कार्य सुनिश्चित करना चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर हरसंभव सहायता करें। हर जीवन और हर सेकंड की कीमत है।"





