Molitics Logo
होम राष्ट्रीय यमुना की सफाई पर सियासत: छठ के बीच प्रदूषण और दावों पर उठे सवाल
राष्ट्रीय • दिल्ली

यमुना की सफाई पर सियासत: छठ के बीच प्रदूषण और दावों पर उठे सवाल

छठ पूजा के बीच यमुना की सफाई के दावों और नदी में बढ़ते प्रदूषण को लेकर सरकार की योजनाओं व राजनीतिक दावों पर सवाल उठे।

यमुना की सफाई पर सियासत: छठ के बीच प्रदूषण और दावों पर उठे सवाल
फोटो: Yamuna Pollution, Chhath Puja, Manoj Tiwari, Delhi Government, Yamuna Cleaning

छठ के बीच यमुना की सफाई पर सियासी बहस

छठ पूजा के दौरान दिल्ली की यमुना एक बार फिर आस्था और राजनीति के केंद्र में रही। बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने सोनिया विहार में यमुना में डुबकी लगाकर दावा किया कि करीब डेढ़ साल में नदी आधी साफ हुई है। उन्होंने अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी को भी यमुना में डुबकी लगाने की चुनौती दी। हालांकि, अगले दिन कालिंदी कुंज में नदी पर सफेद झाग की मोटी परत दिखाई दी।

 

22 किलोमीटर का हिस्सा सबसे ज्यादा प्रदूषित

रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में वजीराबाद से ओखला बैराज तक करीब 22 किलोमीटर का हिस्सा सबसे ज्यादा प्रदूषित है। घरों, कॉलोनियों, बाजारों और उद्योगों से निकलने वाला सीवेज नालों के जरिए यमुना में पहुंचता है। 2025 में दिल्ली में रोज करीब 3,596 एमएलडी सीवेज उत्पन्न होने की जानकारी दी गई, जबकि करीब 641 एमएलडी गंदा पानी बिना उपचार के नदी या नालों में जाने की बात सामने आई।

 

हजारों करोड़ खर्च, फिर भी प्रदूषण बरकरार

निजामुद्दीन के पास बीओडी का स्तर तय मानक से कई गुना अधिक दर्ज किया गया। नदी में घुली ऑक्सीजन भी मानक से काफी नीचे रही। यमुना की सफाई और सीवेज व्यवस्था पर हजारों करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद प्रदूषण की समस्या कायम है। नई सीवेज परियोजनाओं और एसटीपी के विस्तार की योजनाएं भी जारी हैं।

 

छठ, वोट और यमुना की राजनीति

दिल्ली में पूर्वांचली समुदाय बड़ा चुनावी समूह है, इसलिए छठ पूजा से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर बीजेपी, आप और कांग्रेस के बीच राजनीतिक सक्रियता दिखाई देती है। घाट, लाइट शो और क्रूज जैसी सुविधाएं बढ़ाई गईं, लेकिन सवाल बना हुआ है कि जब तक सीवेज और औद्योगिक कचरा नहीं रोका जाएगा, यमुना वास्तव में कैसे साफ होगी? श्रद्धालुओं को सजाए गए घाटों से ज्यादा जरूरत साफ पानी की है। नदी भाषणों और डुबकी से नहीं, जमीन पर प्रभावी सीवेज प्रबंधन से साफ होगी।

इस पूरी खबर को वीडियो फॉर्मेट में देखिए के लिए, क्लिक करें नीचे दिए गए लिंक पर - https://youtu.be/F4L2W-F0bG0?si=GpqW5nuJtBxPcicA

 
Video