मेयर सादिक खान घटिया इंसान- डोनाल्ड ट्रंप
अपनी चार दिवसीय निजी यात्रा के तहत ट्रंप स्कॉटलैंड के टर्नबेरी गोल्फ रिसॉर्ट में थे, जहाँ उन्होंने एक पत्रकार के सवाल पर लंदन के मेयर सादिक खान को “घटिया इंसान” करार दिया और उनके कार्यकाल को “बेकार” बताया। इस दौरान ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर भी ट्रंप के साथ मंच पर मौजूद थे। ट्रंप ने कहा कि वह सितंबर में लंदन जाने का इरादा रखते हैं, लेकिन मेयर के प्रशंसक नहीं हैं।
ट्रंप का बयान, “मैं लंदन जरूर जाऊंगा, लेकिन मैं आपके मेयर का प्रशंसक नहीं हूं। वह घटिया इंसान हैं।”
प्रधानमंत्री स्टार्मर ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए कहा, “सादिक मेरा दोस्त है।” इस बयान ने माहौल को कुछ संतुलन देने की कोशिश की, लेकिन ट्रंप की टिप्पणी ने ब्रिटेन की राजनीति में हलचल जरूर पैदा कर दी।
लंदन के मेयर सादिक खान ने खुद कोई टिप्पणी नहीं की, लेकिन उनके प्रवक्ता ने ट्रंप के बयान पर तीखा जवाब दिया। प्रवक्ता ने कहा:
“सादिक खान को खुशी है कि ट्रंप लंदन आना चाहते हैं। उन्हें यहाँ की विविधता और समावेशी संस्कृति से बहुत कुछ सीखने को मिलेगा।”
खान के करीबी सहयोगियों ने यह भी याद दिलाया कि ट्रंप 2020 का चुनाव हार चुके हैं, जबकि सादिक खान लगातार तीन बार लंदन के मेयर चुने जा चुके हैं।





