Molitics Logo
होम Deoghar Accident: सड़क दुर्घटना में 5 कांवड़ियों की मौत, कई गंभीर रूप से घायल

Deoghar Accident: सड़क दुर्घटना में 5 कांवड़ियों की मौत, कई गंभीर रूप से घायल

Deoghar Accident: झारखंड के देवघर जिले में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में पांच कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

Deoghar Accident: सड़क दुर्घटना में 5 कांवड़ियों की मौत, कई गंभीर रूप से घायल
फोटो: Deoghar Accident: सड़क दुर्घटना में 5 कांवड़ियों की मौत, कई गंभीर रूप से घायल
झारखंड के देवघर जिले में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम पांच कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा(Deoghar Accident) सुबह करीब 4:30 बजे मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया फॉरेस्ट इलाके में हुआ, जब कांवड़ियों को ले जा रही एक बस गैस सिलेंडर से लदे ट्रक से टकरा गई।

Deoghar Accident: मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका


दुमका जोन के इंस्पेक्टर जनरल शैलेंद्र कुमार ने बताया कि अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि, कई घायल यात्रियों की हालत गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। जिला प्रशासन ने स्थानीय सरकारी और निजी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा है और घायलों के इलाज की व्यवस्था की गई है। ट्रैफिक पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण प्रसाद ने भी आशंका जताई कि मृतकों की संख्या पांच से अधिक हो सकती है। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने हादसे पर दुख जताते हुए एक ट्वीट में दावा किया कि दुर्घटना में 18 कांवड़ियों की जान गई है। उन्होंने लिखा, “मेरे लोकसभा क्षेत्र देवघर में श्रावण मास के दौरान बस और ट्रक की टक्कर में 18 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। बाबा बैद्यनाथ उनके परिजनों को इस दुःख को सहने की शक्ति दें।”  श्रावण मास के चलते देवघर स्थित प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में देशभर से हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। खासकर झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल से बड़ी संख्या में भक्त कांवड़ यात्रा के जरिए मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी है।

रविवार को मनसा देवी मंदिर में मची थी भगदड़


उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में रविवार सुबह भीड़ के चलते भगदड़ मच गई थी। जिसमें 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हुए हैं थे। यह घटना सुबह करीब 9 बजे उस समय हुई जब मंदिर के मुख्य मार्ग पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। एक चश्मदीद ने दावा किया कि मंदिर की सीढ़ियों में करंट फैलने की अफवाह के बाद अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया। पुलिस के मुताबिक, मृतकों में चार श्रद्धालु उत्तर प्रदेश से थे जिनमें 12 वर्षीय आरूष (बरेली), 18 वर्षीय विक्की (रामपुर), वकील (बाराबंकी), और शांति देवी (बदायूं) शामिल हैं।