Molitics Logo
होम चुनाव मऊ उपचुनाव में सुभासपा की सीट, अंसारी परिवार को नहीं मिलेगा टिकट-ओपी राजभर का ऐलान
चुनाव

मऊ उपचुनाव में सुभासपा की सीट, अंसारी परिवार को नहीं मिलेगा टिकट-ओपी राजभर का ऐलान

उन्होंने स्पष्ट किया कि मऊ सदर सीट सुभासपा के कोटे की है और अगर उपचुनाव होता है, तो पार्टी उसी सीट से चुनाव लड़ेगी। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि |

मऊ उपचुनाव में सुभासपा की सीट, अंसारी परिवार को नहीं मिलेगा टिकट-ओपी राजभर का ऐलान
फोटो: मऊ उपचुनाव में सुभासपा की सीट, अंसारी परिवार को नहीं मिलेगा टिकट-ओपी राजभर का ऐलान
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने पार्टी विधायक अब्बास अंसारी की सदस्यता रद्द होने पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मऊ सदर सीट सुभासपा के कोटे की है और अगर उपचुनाव होता है, तो पार्टी उसी सीट से चुनाव लड़ेगी। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि अंसारी परिवार को इस बार टिकट नहीं दिया जाएगा। ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अब्बास अंसारी हमारे विधायक रहे हैं, इसलिए हम उनके लिए कानूनी लड़ाई जरूर लड़ेंगे। लेकिन टिकट पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता को ही मिलेगा, परिवार को नहीं।

जमीयत उलेमा ए हिंद के अध्यक्ष अरशद मदनी की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए राजभर ने अवैध मदरसों पर चल रही कार्रवाई को जायज़ ठहराया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कुशीनगर और प्रयागराज जैसे जिलों में मदरसों से नकली नोट और आतंकी गतिविधियों से जुड़े लोग पकड़े गए हैं। ओमप्रकाश राजभर ने कहा,  “मदरसे में अंग्रेज़ी, उर्दू, फारसी पढ़ाने से किसी ने नहीं रोका है। लेकिन जिन संस्थानों से आतंकी या अपराधी पकड़े जा रहे हैं, उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। अरशद मदनी को इसका जवाब देना चाहिए।" 

राजभर ने सालार मसूद गाजी की याद में लगने वाले मेले पर प्रतिबंध का समर्थन करते हुए कहा कि गाजी एक आक्रमणकारी था, जिसे महाराजा सुहेलदेव ने पराजित किया था। उन्होंने घोषणा की कि 10 जून को ‘विजय दिवस’ मनाया जाएगा और इस आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे।

गौरतलब है कि 2022 विधानसभा चुनाव के दौरान भड़काऊ भाषण देने के मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट, मऊ ने अब्बास अंसारी को दोषी करार दिया है। कोर्ट ने उन्हें दो साल की सजा और 3000 रुपये का जुर्माना सुनाया है। सजा सुनाने वाले मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट केपी सिंह ने यह फैसला दिया।