Molitics Logo
होम चुनाव Delhi Polls: चुनाव में इस बार 96 महिला उम्मीदवार, जानिए कुल कितने कैंडिडेट्स आजमा रहे अपनी किस्मत
चुनाव

Delhi Polls: चुनाव में इस बार 96 महिला उम्मीदवार, जानिए कुल कितने कैंडिडेट्स आजमा रहे अपनी किस्मत

दिल्ली में 2020 के विधानसभा चुनाव में कुल 672 उम्मीदवारों में से 76 महिलाएं चुनावी मैदान में थीं। इस बार महिलाओं की संख्या बढ़कर 96 हो गई है।

Delhi Polls: चुनाव में इस बार 96 महिला उम्मीदवार, जानिए कुल कितने कैंडिडेट्स आजमा रहे अपनी किस्मत
फोटो: Delhi Assembly Election, AAP, Congress
पांच फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस बार कुल 699 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 96 महिलाएं हैं, जो इस चुनावी रण में अपनी किस्मत आजमा रही हैं। राजनीतिक दल, जैसे कि आम आदमी पार्टी, बीजेपी और कांग्रेस, इस बार महिला मतदाताओं को लुभाने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं। पिछली बार के चुनावों की तुलना में इस बार महिला उम्मीदवारों की संख्या बढ़ी है। दिल्ली में 2020 के विधानसभा चुनाव में कुल 672 उम्मीदवारों में से 76 महिलाएं चुनावी मैदान में थीं। इस बार महिलाओं की संख्या बढ़कर 96 हो गई है। तीन प्रमुख राजनीतिक दलों में से भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी ने 9-9 महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने 7 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया है।

आम आदमी पार्टी की प्रमुख महिला उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री आतिशी, पूजा बाल्यान, प्रमिला टोकस और राखी बिड़लान शामिल हैं। पार्टी ने धनवंती चंदेला, बंदना कुमार और सरिता सिंह को फिर से उम्मीदवार बनाया है, साथ ही अंजना पारचा और विधायक नरेश बाल्यान की पत्नी पूजा बाल्यान को नए चेहरों के रूप में मैदान में उतारा है। नरेश बाल्यान को हाल ही में गैंगस्टर कपिल सांगवान से कथित संबंधों के कारण गिरफ्तार किया गया था। बीजेपी की महिला प्रत्याशियों में रेखा गुप्ता, पूनम शर्मा, शिखा राय और प्रियंका गौतम प्रमुख हैं। कांग्रेस की महिला उम्मीदवारों में अल्का लांबा, अरीबा खान, रागिनी नायक और अरुणा कुमारी प्रमुख हैं। चुनाव में महिला मतदाताओं को आकर्षित करने पर सभी दलों का फोकस है।

दिल्ली में मतदान पांच फरवरी को होगा, और चुनाव परिणाम आठ फरवरी को घोषित किए जाएंगे। नई दिल्ली सीट पर सबसे अधिक 23 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिसमें आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल को बीजेपी के प्रवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित से कड़ी चुनौती मिल रही है। नई दिल्ली सीट के बाद जनकपुरी सीट पर 16 उम्मीदवार हैं, जबकि रोहतास नगर, करावल नगर और लक्ष्मी नगर में 15-15 उम्मीदवार हैं। पटेल नगर और कस्तूरबा नगर जैसी सीटों पर उम्मीदवारों की संख्या कम है, जहां केवल 5-5 प्रत्याशी मैदान में हैं।  आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने सभी 70 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि बीजेपी 68 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने 69 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं।

Read This Also:- Delhi Poll: आतिशी ने कहा- 'केजरीवाल का मुख्यमंत्री बनना पूरी तरह वैध, शर्तें नई नहीं, हमने हमेशा सामना किया'