बीजेपी ने यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किया है। यह वीडियो 14 मिनट का है, जिसमें केजरीवाल के आवास की अंदरूनी सुख-सुविधाओं को दिखाया गया है। वीडियो में यह साफ देखा जा सकता है कि उनका आवास एक आलीशान होटल की तरह दिखता है, जो अत्याधुनिक सुख-सुविधाओं से लैस है। बीजेपी ने वीडियो में दिखाए गए महंगे सामानों की कीमतों का भी खुलासा किया है।
बीजेपी का दावा है कि केजरीवाल के आवास में स्मार्ट एलईडी टर्नटेबल लाइट्स की कीमत 19.5 लाख रुपये है, वहीं बॉडी सेंसर और रिमोट वाले 80 पर्दों की कीमत चार से 5.6 करोड़ रुपये के बीच है। इसके अलावा, बीजेपी ने टीवी, सोफा, ओवन और टॉयलेट सीट जैसी वस्तुओं की कीमतें भी सार्वजनिक की हैं। बीजेपी का कहना है कि केजरीवाल ने अपने आवास के रेनोवेशन पर करोड़ों रुपये खर्च किए हैं।
बीजेपी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के आवास में करोड़ों रुपये का मार्बल लगाया गया, और 4 लाख रुपये के कमोड्स तथा 8 लाख रुपये के पर्दे भी लगाए गए। इससे पहले 5 जनवरी को, नई दिल्ली विधानसभा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी को एक चिट्ठी लिखी थी, जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री आवास के रेनोवेशन पर खर्च किए गए पैसे पर सवाल उठाए थे।





