Molitics Logo
होम चुनाव Delhi Polls: गठबंधन पर अजय माकन का बड़ा बयान, आखिर क्यों अलग हुए कांग्रेस और AAP?
चुनाव

Delhi Polls: गठबंधन पर अजय माकन का बड़ा बयान, आखिर क्यों अलग हुए कांग्रेस और AAP?

अजय माकन ने कहा, हमने आम आदमी पार्टी को हरियाणा में चार सीटों की पेशकश की थी, जबकि वे छह सीटों की मांग कर रहे थे। हमने उनसे कहा कि हम पहले अपने स्थानीय नेताओं |

Delhi Polls: गठबंधन पर अजय माकन का बड़ा बयान, आखिर क्यों अलग हुए कांग्रेस और AAP?
फोटो: Delhi Assembly Election, AAP, Congress, BJP, Kejriwal
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार थम चुका है, और अब 5 फरवरी को मतदान होने वाला है। इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन ने आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के बीच गठबंधन न होने की असली वजह उजागर की है। उन्होंने बताया कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान दोनों पार्टियों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत चल रही थी, लेकिन इसे खुद अरविंद केजरीवाल ने तोड़ दिया।

"गठबंधन तोड़ने के लिए केजरीवाल जिम्मेदार"


अजय माकन ने कहा, “हमने आम आदमी पार्टी को हरियाणा में चार सीटों की पेशकश की थी, जबकि वे छह सीटों की मांग कर रहे थे। हमने उनसे कहा कि हम पहले अपने स्थानीय नेताओं से चर्चा करेंगे और फिर अंतिम निर्णय लेंगे। लेकिन इसी बीच, अरविंद केजरीवाल को बेल मिलती है और वह जेल से बाहर आते ही ऐलान कर देते हैं कि उनकी पार्टी हरियाणा की सभी 90 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। इसका मतलब यह है कि गठबंधन तोड़ने का फैसला हमने नहीं, बल्कि खुद अरविंद केजरीवाल ने लिया।”

उन्होंने आगे कहा कि लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद आप नेता गोपाल राय ने यह ऐलान किया कि AAP दिल्ली की सभी 70 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। माकन ने सवाल उठाया कि जब AAP ने गठबंधन से अलग होकर सभी सीटों पर लड़ने का ऐलान कर दिया था, तो कांग्रेस के पास क्या विकल्प बचता? उन्होंने गठबंधन टूटने के दो मुख्य कारण बताए—CAG की रिपोर्ट और AAP नेताओं की चुनाव में अकेले उतरने की घोषणा।

राहुल गांधी पर केजरीवाल का हमला, कांग्रेस का पलटवार


अजय माकन ने यह भी कहा कि राहुल गांधी ने अपनी पहली रैली सीलमपुर में की, जिसमें उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर कोई व्यक्तिगत हमला नहीं किया था। बावजूद इसके, अरविंद केजरीवाल ने तुरंत ट्वीट कर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि "राहुल गांधी अपनी पार्टी बचाने निकले हैं, जबकि हम देश बचा रहे हैं।" माकन ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि सच्चाई यह है कि केजरीवाल खुद दिल्ली में अपनी पार्टी बचाने में लगे हुए हैं। उन्होंने यह तक दावा किया कि दिल्ली चुनाव में हार के बाद AAP पूरी तरह बिखर जाएगी। "AAP दो दिन के भीतर खत्म हो जाएगी। पंजाब में भी यह पार्टी नहीं टिक पाएगी।"

अजय माकन ने पंजाब की स्थिति को लेकर भी आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले दो महीनों में पंजाब के 11 पुलिस स्टेशनों पर ग्रेनेड हमले हुए हैं, जिससे साफ जाहिर होता है कि AAP सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल रही है। अजय माकन ने कांग्रेस के सहयोगी दलों पर भी निशाना साधा और कहा कि "हमने इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगियों से कहा कि या तो वे हमारे साथ खड़े हों या फिर न्यूट्रल रहें, लेकिन किसी ने हमारी बात नहीं मानी। आज वे केजरीवाल के साथ प्रचार कर रहे हैं। हमने AAP से भी कहा था कि वे हमारे साथ मिलकर दिल्ली में चुनाव लड़ें, लेकिन उन्होंने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया।"

Read This Also:- Rajyasabha: बीच में बोलने पर चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर पर भड़के कांग्रेस अध्यक्ष खड़के, बोले- ‘तेरा बाप का भी मैं…’