370 खत्म कर मोदी ने देश में किया एक संविधान लागू

भाजपा किसी राजनीतिक खानदान की नहीं अपितु सभी वर्गों, सम्प्रदाय, मतों व क्षेत्रों से संबंधित लोगों की पार्टी है। इस पार्टी के कार्यकर्ता किसी खानदान की गुलामी नहीं करते बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पित हैं। वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने राखीखास में सूर्योदय सीनियर सैकेण्डरी स्कूल में आयोजित एक जनसभा को संबोधित किया और यह बात कही। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के कार्यकर्ता अन्तोदय का संकल्प लेकर काम कर रहे हैं। बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर ने 70 साल पहले पंडित जवाहर लाल नेहरू को धारा 370 लागू करने से यह कहते हुए रोका था कि एक देश में 2 निशान, 2 प्रधान और 2 विधान नहीं होने चाहिए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज धारा 370 खत्म करके पूरे देश में एक संविधान लागू कर दिया है। आज विश्व जानता है कि भारत में कोई आंतकवादी गतिविधि को अंजाम नहीं दे सकता है।
 
यदि किसी ने इसकी साजिश भी रची तो हम दुश्मन के घर में घुस कर उसे नेस्तानाबूत करने की ताकत रखते हैं। यहां तक की हमारी ताकत अंतरिक्ष से दुश्मन पर मार करने की हो चुकी है। उन्होंने अन्य राजनीतिक पार्टियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक पार्टी के पूर्व सीएम तो अपने प्रदेश अध्यक्ष पर लाठी बरसाने का काम करते हैं। जबकि दूसरी पार्टी के लोग चौधर की लड़ाई में फंसे हुए हैं। ये सभी नेता अपने पारिवारिक रसूख के कारण राजनीति में उच्च पदों पर है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 5 वर्षों में बिना अहंकार के जनता की सेवा की है। उन्होंने जनसमूह को मुख्यमंत्री मनोहर लाल की 4 सितम्बर को नारनौंद से जन आशीर्वाद रथ यात्रा तथा 8 सितम्बर रोहतक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसभा का न्योता दिया। इस दौरान विमुक्त एवं टपरीवास सैल के पूर्व चेयरमैन अजमेर नायक अपने हजारों सर्मथकों के साथ बीजेपी में विधिवत रूप से शामिल हुए।