LSR कॉलेज के पास एनकाउंटर के बाद ऑनलाइन पढ़ाई शुरू
दिल्ली के प्रतिष्ठित लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर विमेन (LSR) ने मंगलवार दोपहर से कैंपस में लगने वाली फिजिकल क्लासेस को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है और पढ़ाई को ऑनलाइन मोड पर शिफ्ट कर दिया है। यह कदम कालकाजी स्थित आस्था कुंज पार्क में एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की से हुए गैंगरेप और उसके बाद कॉलेज के बैक गेट से महज 50 मीटर की दूरी पर हुए पुलिस एनकाउंटर के बाद उठाया गया है।
कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्राओं की सुरक्षा और उनका मानसिक व सामाजिक कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ ही, किसी भी प्रकार के तनाव से निपटने के लिए फैकल्टी मेंटर्स और काउंसलर्स को छात्राओं की मदद के लिए हमेशा उपलब्ध रहने के निर्देश दिए गए हैं।
आस्था कुंज पार्क में 17 साल की नाबालिग से गैंगरेप
दिल्ली पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार शाम की है जब 17 साल की एक लड़की अपने पुरुष मित्र के साथ कालकाजी मंदिर दर्शन के बाद आस्था कुंज पार्क पहुंची थी। आरोप है कि वहां तीन लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों को रोका, फिर लड़की को उसके दोस्त से अलग कर सुनसान जगह ले गए और उसके साथ यौन उत्पीड़न (गैंगरेप) किया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कॉलेज के पास एनकाउंटर में पकड़ा गया मुख्य आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल आसिफ को जब पुलिस टीम ने अमर कॉलोनी और LSR कॉलेज के पिछले गेट के पास घेरने की कोशिश की, तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। गोली एक हेड कॉन्स्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आसिफ के पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया। चूंकि यह एनकाउंटर कॉलेज के गेट से महज 50 मीटर दूर हुआ, इससे कैंपस और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
छात्राओं में बढ़ा डर, स्टूडेंट यूनियन ने बुलाई आपातकालीन बैठक
घटना के बाद LSR कॉलेज और आसपास के इलाकों में रहने वाली छात्राओं में अपनी सुरक्षा को लेकर गहरा डर का माहौल है। कई छात्राएं अकेले बाहर निकलने से बच रही हैं और ग्रुप में आवाजाही कर रही हैं, जबकि कुछ ने स्थिति सामान्य होने तक अस्थायी रूप से घर लौटने का फैसला किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए LSR स्टूडेंट यूनियन ने रात 9 बजे ऑनलाइन इमरजेंसी जनरल बॉडी मीटिंग (Emergency GBM) बुलाई। इसमें छात्राओं की सुरक्षा, कैंपस की बाहरी सीमा और आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। स्टूडेंट यूनियन इन मांगों और चिंताओं को जल्द ही कॉलेज प्रशासन और स्थानीय पुलिस के समक्ष रखेगी।





