Molitics Logo
होम बिहार में वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी के पिता की हत्या, गांव के घर में मिला शव

बिहार में वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी के पिता की हत्या, गांव के घर में मिला शव

पुलिस को चोरी का विरोध करने पर उनका मर्डर किए जाने की आशंका है। हत्या की जांच के लिए एसआईटी बना दी गई है। जीतन सहनी गांव में बने घर में अकेले रहते थे।

बिहार में वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी के पिता की हत्या, गांव के घर में मिला शव
फोटो: बिहार में वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी के पिता की हत्या, गांव के घर में मिला शव
बिहार में विकासशील इंसान पार्टी(वीआईपी) के सुप्रीमो मुकेश साहनी के पिता जीतन साहनी की हत्या कर दी गयी है।  मंगलवार सुबह जीतन साहनी का क्षत-विक्षत शव उनके गांव के घर में मिला। घटना दरभंगा के घनश्यामपुर थाना के जिरत गांव में हुई।  हत्या की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। विपक्ष ने इस हत्याकांड को लेकर नीतीश सरकार पर तीखा हमला बोला है।


चोरी का विरोध करने पर हुई हत्या 

पुलिस ने बताया कि जीतन सहनी को धारदार हथियार से हमला करके मारा गया है। उनके घर का सामान भी बिखरा पड़ा मिला। पुलिस को चोरी का विरोध करने पर उनका मर्डर किए जाने की आशंका है। हत्या की जांच के लिए दरभंगा के एस.पी के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर दी गयी है।  पुलिस का अनुमान है कि हत्यारे एक सेे ज्यादा तादाद में थे। जीतन सहनी गांव में बने घर में अकेले रहते थे। उनके दो बेटे मुकेश और संतोष हैं। मुकेश बिहार के पूर्व पशुपालन एवं मत्स्य संसाधन मंत्री रहे चुके हैं। उनकी एक बेटी भी है, जिसकी शादी हो चुकी है और वह मुंबई में रहती है।

घटना को लेकर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने बिहार सरकार को घेरते हुए कहा कि बिहार में सिर्फ अपराधियों का बोलबाला है। बिहार में लगातार हत्या, लूटपाट और बच्चियों का शोषण बढ़ रहा है। बिहार के प्रशासन को लॉ ऑर्डर से कोई मतलब नहीं है। बिहार माफिया और सरकार के गठजोड़ से चल रहा है। पूरा बिहार अपराधियों के चंगुल में है। बिहार में हत्या दर हत्या से कोहराम मचा हुआ है, नीतीश के शासन का इक़बाल ख़त्म हो गया है। मुकेश सहनी के पिता की हुई हत्या की जांच की जानी चाहिए और इससे जुड़े अधिकारियों को सस्पेंड करना चाहिए।

बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने कहा, “इस तरह की घटना दुखद है, नीतीश कुमार को इसे गंभीरता लेना चाहिए। बिहार के हर जिले में इस तरह की हत्या हो रही, ऐसा लगता है कि बिहार में हत्या आम बात हो गई है। अगर किसी नेता की हत्या हो सकती है तो आम लोग की हत्या तो आराम से की जा सकती है। इस घटना की जांच की जानी चाहिए।”

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने हत्या का दुख जताते हुए कहा, “मैं राज्य सरकार से मांग करता हूं कि दोषियों को अविलंब गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल कराया जाए।”


कौन है मुकेश सहनी 

मुकेश सहनी विकासशील पार्टी(वीआईपी) के प्रमुख हैं। उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन में शामिल हुई थी। लोकसभा चुनाव में यह डील मूल रूप से मुकेश सहनी और आरजेडी के बीच हुई थी। बिहार में मुकेश सहनी की एक पहचान ‘सन ऑफ मल्लाह’ की है। बिहार में मल्लाहों की आबादी लगभग सात फीसदी है, लेकिन मुकेश इसे 14 फीसदी बताते है। मुकेश सहनी का चुनावों से पहले तेजस्वी यादव के साथ एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में दोनों नेता हेलीकॉप्टर में मछली खा रहे थे। वीडियो को नवरात्रि में शेयर करने की वजह से जमकर बवाल हुआ था।