क्या है मामला
राजीव चंद्रशेखर ने अपने चुनावी हलफ़नामें में 2020-21 के लिए अपनी कर योग्य आय के रूप में 680 रूपये घोषित किए हैं। ख़बरों के अनुसार कांग्रेस ने सोमवार को चंद्रशेखर के ख़िलाफ ग़लत जानकारी साझा करने के आरोप में शिक़ायत दर्ज़ करायी थी।कांग्रेस ने कहा कि ग़लत जानकारी देकर चंद्रशेखर ने जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 और भारतीय दंड संहिता, दोनों का उल्लंघन किया है।कांग्रेस ने मांग की है कि आयोग चंद्रशेखर के नामांकन को ख़ारिज कर दे। चुनाव के नियमों के अनुसार, हलफ़नामे में उम्मीदावार को अपनी कर योग्य आय, चल-अचल सम्पत्तियों का हिसाब, जीवनसाथी की वित्तीय जानकारियाँ देना बहुत जरुरी होता है।
वकील और कांग्रेस कार्यकर्ता अवनी बंसल ने खुलासा किया है कि चंद्रशेखर की चल संपत्ति 9.25 करोड़ रूपये है। जबकि अचल संपत्ति 14.4 करोड़ रुपयों की है।बंसल का आरोप है कि राजीव चंद्रशेखर ने बहुत ग़लत तरीकों से अपनी संपत्तियों का ब्योरा दिया है।
चंद्रशेखर है रिपीट ऑफेंडर - कांग्रेस
बंसल ने चंद्रशेखर पर रिपीट ऑफेंडर होने का आरोप लगाया है। बंसल ने कहा कि अप्रैल 2018 में चंद्रशेखर ने कर्नाटक से राज्यसभा उम्मीदवारी के दौरान अपने हलफ़नामे में गलत जानकारी दी थी। उन्होंने हलफ़नामे में जानबूझकर घर के मालिक होने, लक्ज़री कारें और निजी जेट रखने के बारे में जानकारियां छुपाई थी। बंसल ने बताया कि चंद्रशेखर 408, कोरमंगला, बेंगलुरु वाले घर के भी मालिक हैं जिसकी जानकारी हलफ़नामें में नहीं दी गई है।
इसके अलावा बंसल ने आरोप लगाया है कि चंद्रशेखर ने राज्यसभा के चुनावी हलफ़नामे में भी विभिन्न कंपनियों को लेकर अपने शेयरों के आकलन को बेहद कम करके दिखाया था। उन्होंने चार होल्डिंग कंपनियों का कुल मूल्य 6.38 करोड़ रूपये दिखाया था जबकि असली मूल्य 1610.53 करोड़ रूपये था। द वायर के अनुसार इस मामले को बंसल ने उच्च न्यायालय में भी उठाया था। बंसल ने बताया कि थॉमस की जनहित याचिका के आधार पर कुछ साल पहले चुनाव आयोग ने सीबीडीटी को जांच के लिए आदेश भी दिया था, लेकिन तब से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
बंसल ने एक महत्वपूर्ण सवाल भी खड़ा किया है , उन्होंने कहा कि पिछले 7 सालों में राजीव चंद्रशेखर की आय 100 फीसदी कैसे गिर गई? जबकि उनकी पत्नी की आय में 500 फ़ीसदी की वृद्धि कैसे हुई? चुनाव आयोग ने इसपर कोई कार्रवाई क्यों नहीं की है। सीबीडीटी को मामला पहले भी भेजा जा चुका है, तो कौन किसको छुपा रहा है और क्यों?





