Molitics Logo
होम "यूक्रेन ने युद्धविराम पर सहमति दी, अब रूस की बारी – ट्रंप बोले, जल्द करेंगे पुतिन से बातचीत"

"यूक्रेन ने युद्धविराम पर सहमति दी, अब रूस की बारी – ट्रंप बोले, जल्द करेंगे पुतिन से बातचीत"

ट्रंप ने बताया कि आने वाले दिनों में तीन साल से जारी इस युद्ध को रोकने की कोशिशें तेज की जाएंगी और इसी हफ्ते वे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत |

"यूक्रेन ने युद्धविराम पर सहमति दी, अब रूस की बारी – ट्रंप बोले, जल्द करेंगे पुतिन से बातचीत"
फोटो: "यूक्रेन ने युद्धविराम पर सहमति दी, अब रूस की बारी – ट्रंप बोले, जल्द करेंगे पुतिन से बातचीत"
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन 30 दिन के युद्धविराम (सीजफायर) पर सहमत हो गया है और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही रूस भी इस फैसले पर राजी होगा। ट्रंप ने बताया कि आने वाले दिनों में तीन साल से जारी इस युद्ध को रोकने की कोशिशें तेज की जाएंगी और इसी हफ्ते वे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत करेंगे। ट्रंप के बयान के मुताबिक, सऊदी अरब के जेद्दा में अमेरिका और यूक्रेन के बीच अहम वार्ता हुई, जिसके बाद यह समझौता हुआ। यूक्रेन की ओर से 30 दिन के युद्धविराम के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया गया है, अब सबकी निगाहें रूस के रुख पर टिकी हैं।

ट्रंप का बयान: युद्ध को रोकना हमारी प्राथमिकता


रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, "यूक्रेन ने अभी-अभी पूर्ण युद्धविराम पर सहमति जताई है। अब हमें रूस से बातचीत करनी होगी और हमें उम्मीद है कि राष्ट्रपति पुतिन भी इस पर सहमत होंगे। शहरों में लगातार हमले हो रहे हैं, लोग मारे जा रहे हैं, हम चाहते हैं कि यह युद्ध समाप्त हो। यह युद्धविराम बेहद अहम है। अगर हम रूस को भी इसके लिए मना लेते हैं, तो यह एक बड़ी सफलता होगी।" अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने रूस को कड़ा संदेश देते हुए कहा, "हम क्रेमलिन को स्पष्ट रूप से बता देंगे कि यूक्रेन वार्ता के लिए तैयार है। अब यह रूस पर निर्भर करता है कि वे इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हैं या नहीं।"

जेद्दा बैठक में अमेरिकी और यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडलों के बीच हुई चर्चा


जेद्दा में हुई बैठक में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मार्को रुबियो और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइकल वाल्ट्ज ने किया। दूसरी ओर, यूक्रेन की ओर से राष्ट्रपति के चीफ ऑफ स्टाफ एंड्री यरमक, विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा और रक्षा मंत्री रुस्तम उमारोव मौजूद थे। वार्ता के दौरान यूक्रेन ने औपचारिक रूप से 30 दिन के युद्धविराम के ट्रंप प्रशासन के प्रस्ताव को समर्थन देने की घोषणा की।

इससे पहले व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की के बीच विवाद हो गया था। दरअसल, ट्रंप किसी भी हाल में चाहते थे कि यूक्रेन अब रूस के साथ समझौते को स्वीकार कर ले, लेकिन उस समय जेलेंस्की इसके लिए तैयार नहीं थे। व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में हुई यह बहस अंतरराष्ट्रीय चर्चा का विषय बन गई थी।

Read This Also:- रूस को ट्रंप की दो-टूक: 'सीजफायर मानो वरना गंभीर आर्थिक सजा तैयार'