डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर यह संकेत दिए हैं कि भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संघर्षविराम में उनकी अहम भूमिका थी। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर ट्रंप का एक वीडियो साझा करते हुए पूछा कि अगर अमेरिका ने मध्यस्थता की थी, तो सरकार अब तक चुप क्यों है।
जयराम रमेश ने लिखा, “21 दिनों में यह 11वीं बार है जब मोदी के ‘अच्छे दोस्त’ डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि उन्होंने भारत-पाक के बीच सीजफायर कराने में भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री इस पर अब तक क्यों नहीं बोले?”
कांग्रेस नेता ने ट्रंप के पुराने बयानों का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने तीन देशों में अलग-अलग मौकों पर यह दावा दोहराया है कि चार दिनों तक चले भारत-पाक संघर्ष को रोकने के लिए उन्होंने व्यापारिक दबाव का इस्तेमाल किया। जयराम रमेश ने कहा, “ट्रंप के वाणिज्य मंत्री ने भी न्यूयॉर्क की एक अदालत में यही बात कही थी। फिर प्रधानमंत्री मोदी अब तक चुप क्यों हैं?”
उन्होंने तंज कसते हुए पूछा, “क्या ट्रंप वही कर रहे हैं जो मोदी अक्सर करते हैं? या फिर ट्रंप 50 फीसदी सच बोल रहे हैं?”
सरकार की ओर से अब तक स्पष्ट तौर पर यही कहा गया है कि संघर्षविराम भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय बातचीत का नतीजा था और इसमें किसी तीसरे पक्ष की भूमिका नहीं रही। विदेश मंत्रालय ने यह भी दोहराया है कि भारत अपनी विदेश नीति में किसी प्रकार की मध्यस्थता स्वीकार नहीं करता।
हालांकि ट्रंप द्वारा बार-बार इस मुद्दे पर बयान देने से कांग्रेस को सरकार पर निशाना साधने का मौका मिल गया है।
Read This Also:- सीजफायर पर ट्रंप के दावे पर थरूर का पलटवार – ‘हम युद्ध नहीं चाहते’





