धमकी के तुरंत बाद अयोध्या समेत बाराबंकी, चंदौली, और अलीगढ़ जैसे जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। सभी संबंधित जिलों में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि ये मेल तमिलनाडु से भेजे गए हैं। साइबर सेल अब मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुट गई है।
चंदौली के जिलाधिकारी के आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए एक मेल में कलेक्ट्रेट भवन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। मेल भेजने वाले की पहचान गोपाल स्वामी नामक व्यक्ति के रूप में हुई है, जिसका संबंध तमिलनाडु से बताया जा रहा है।
धमकी मिलते ही कलेक्ट्रेट में बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और पुलिस बल ने मोर्चा संभाल लिया। पूरी इमारत की गहन तलाशी ली गई, लेकिन राहत की बात रही कि कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं पाई गई।
चंदौली के डीएम निखिल टी. फूंडे ने जानकारी दी कि मेल में तमिलनाडु से जुड़े किसी राजनीतिक मुद्दे का हवाला देकर यह धमकी दी गई थी। उन्होंने कहा, “मेल के कंटेंट को पढ़ने से यह अधिक गंभीर प्रतीत नहीं हुआ, फिर भी एहतियात के तौर पर हम पूरी तरह सतर्क रहे और समय रहते चेकिंग कराई।” इसी तरह, अलीगढ़ के डीएम को भी बम विस्फोट की धमकी वाला ईमेल प्राप्त हुआ है। प्रशासन ने तुरंत जिला मुख्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा करते हुए डॉग स्क्वॉड और अन्य जांच एजेंसियों को सक्रिय कर दिया है। डीएम ने पुष्टि की है कि मेल मिला है और उसकी जांच की जा रही है।





