Molitics Logo
होम गुलमर्ग फैशन शो पर जम्मू-कश्मीर विधानसभा में मचा बवाल, सीएम उमर अब्दुल्ला ने दिए जांच के आदेश

गुलमर्ग फैशन शो पर जम्मू-कश्मीर विधानसभा में मचा बवाल, सीएम उमर अब्दुल्ला ने दिए जांच के आदेश

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला समेत कई नेताओं ने इस कार्यक्रम की कड़ी आलोचना करते हुए इसे "अश्लील और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला" करार दिया।

गुलमर्ग फैशन शो पर जम्मू-कश्मीर विधानसभा में मचा बवाल, सीएम उमर अब्दुल्ला ने दिए जांच के आदेश
फोटो: गुलमर्ग फैशन शो पर जम्मू-कश्मीर विधानसभा में मचा बवाल, सीएम उमर अब्दुल्ला ने दिए जांच के आदेश
जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग स्थित स्की रिसॉर्ट में रमजान के पवित्र महीने के दौरान आयोजित एक फैशन शो को लेकर सोमवार को विधानसभा में जोरदार हंगामा हुआ।  मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला समेत कई नेताओं ने इस कार्यक्रम की कड़ी आलोचना करते हुए इसे "अश्लील और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला" करार दिया। विपक्षी दलों और कुछ निर्दलीय विधायकों ने सरकार से इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की। जैसे ही विधानसभा की कार्यवाही शुरू हुई, सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC), पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) और दो निर्दलीय विधायकों ने खड़े होकर इस मुद्दे को सदन के पटल पर उठाया। इन सदस्यों ने सवाल उठाते हुए कहा कि रमजान के दौरान जब लोग दिनभर रोजा रख रहे थे, ऐसे समय में अश्लील फैशन शो का आयोजन कैसे हो सकता है।

हालांकि, विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायकों ने इस पर अलग रुख अपनाते हुए कहा कि इस कार्यक्रम को लेकर अनुचित विवाद खड़ा किया जा रहा है। भाजपा विधायकों ने कहा कि समाज को सभी विचारों और दृष्टिकोणों के प्रति सहिष्णुता विकसित करने की जरूरत है। भाजपा विधायक रणबीर सिंह पठानिया ने कहा, "कश्मीर घाटी में रूढ़िवाद की आग भड़काई जा रही है। हमें समाज में विभिन्न प्रकार की विचारधाराओं और संस्कृतियों को स्वीकार करने के लिए तैयार रहना चाहिए।"

सीएम उमर अब्दुल्ला ने दी सफाई, कहा- सरकार का फैशन शो से कोई लेना-देना नहीं


विधानसभा में हंगामे के बीच मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने फैशन शो को लेकर उठे विवाद पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार का इस कार्यक्रम से कोई संबंध नहीं है और न ही इस आयोजन के लिए आयोजकों ने सरकार से अनुमति ली थी। मुख्यमंत्री ने कहा, "गुलमर्ग में आयोजित निजी कार्यक्रम से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। मैं स्पष्ट कर दूं कि यह एक होटल में आयोजित निजी शो था और इसमें सरकार की कोई भागीदारी नहीं थी। आयोजकों ने हमसे कोई अनुमति नहीं ली थी।" उमर अब्दुल्ला ने आगे कहा, "यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि रमजान के पवित्र महीने में ऐसा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। हमने इस मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और अगर इसमें कोई नियमों का उल्लंघन पाया गया तो आयोजकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"

मुख्यमंत्री के बयान के बाद भी सदन में हंगामा जारी रहा। विपक्षी दल पीडीपी और कांग्रेस के विधायकों ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि राज्य प्रशासन ऐसी गतिविधियों पर नियंत्रण रखने में नाकाम हो गया है। विधायक लगातार इस बात पर जोर दे रहे थे कि सरकार को इस कार्यक्रम की गहन जांच करानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। इस दौरान भाजपा विधायकों और विपक्षी दलों के नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। भाजपा विधायक रणबीर सिंह पठानिया ने कहा कि फैशन शो को लेकर इतना बड़ा विवाद खड़ा करना सही नहीं है। उन्होंने कहा, "यह लोकतांत्रिक समाज है और सभी प्रकार की अभिव्यक्तियों को स्वीकार किया जाना चाहिए। हर बात पर धार्मिक मुद्दा खड़ा करना सही नहीं है।"

फैशन शो का आयोजन मशहूर डिजाइनर लेबल शिवन एंड नरेश द्वारा किया गया था, जो मुख्य रूप से रिसॉर्ट और बीच वियर डिजाइनों के लिए जाना जाता है। बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम लेबल के 15वें स्थापना वर्ष के अवसर पर आयोजित किया गया था, जिसमें स्कीवियर रेंज पेश की गई थी। हालांकि, जैसे ही इस कार्यक्रम के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, राज्यभर में लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी।

Read This Also:- "राज्य की आर्थिक मजबूरी, मुफ्त बिजली नहीं दे सकते – जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला"