अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर ट्रंप ने लिखा, “मैंने ईरान को समझौते के लिए कई अवसर दिए। अमेरिका के पास अब तक के सबसे शक्तिशाली सैन्य उपकरण हैं और इजरायल के पास उनमें से बहुत सारे हैं। वे जानते हैं कि उनका इस्तेमाल कैसे करना है।” उन्होंने आगे कहा, “हालात और भी खराब हो सकते हैं, लेकिन खून-खराबा अभी भी रोका जा सकता है। ईरान को अब समझौता करना चाहिए, वरना ‘ईरानी साम्राज्य’ के नाम से पहचाना जाने वाला देश इतिहास बन सकता है।”
ईरानी सरकारी मीडिया ने दावा किया है कि हमले में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रमुख कमांडर होसैन सलाम मारे गए हैं। इजरायल के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, IRGC के कई शीर्ष अधिकारी इस हमले में मारे गए। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। गौरतलब है कि ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल में 2018 में अमेरिका को संयुक्त व्यापक कार्य योजना (JCPOA) से बाहर कर लिया था और ईरान पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगा दिए थे। व्हाइट हाउस में लौटने के बाद से ट्रंप एक नए परमाणु समझौते को आगे बढ़ाने के पक्षधर रहे हैं।
रविवार को ओमान में अमेरिका-ईरान के बीच परमाणु वार्ता का एक नया दौर तय था, लेकिन ईरानी अधिकारियों ने इसमें भाग लेने से इनकार कर दिया है।





