पुणे गैंगरेप पर एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले ने महायुति सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने आक्रामक रुख़ अपनाते हुए कहा कि पुणे में क्या चल रहा है? पुणे में एक लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार की घटना सामने आई है। पुणे और पूरे राज्य में महिलाओं के खिलाफ हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। राज्य गृह विभाग इन घटनाओं को रोकने के लिए कुछ भी करता हुआ नहीं दिख रहा है। सुप्रिया सुले ने कहा कि दुर्भाग्य से यह कहना होगा कि महाराष्ट्र महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं है। सरकार को दोषियों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, और जल्द से जल्द उन्हें गिरफ़्तार करना चाहिए।
पुणे और मुंबई की घटना में क्या कुछ सामने आया
पीड़िता अपने दोस्त के साथ घूमने गई हुई थी। इस दौरान बदमाशों ने सुनसान जगह का फायदा उठाते हुए, लड़की के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पुलिस को घटना की जानकारी सुबह क़रीब पाँच बजे दी गई। दोषियों की तलाश जारी है।
इधर, पीड़िता ने अपने पिता के ऊपर आरोप लगाते हुए कहा कि वह उसका 12 वर्ष की उम्र से ही बलात्कार कर रहा था। पुलिस की कड़ी पूछताछ पर आरोपित पिता ने पीडित के लगाए गए आरोपों को स्वीकार कर लिया है। पीड़िता के अनुसार, उसकी माँ की दिमाग़ी हालत ठीक नहीं है। उसने दुष्कर्म के बारे में अपने भाइयों को इसलिए नहीं बताया, क्योंकि उसे ड़र था कि कहीं आरोपित उनकी भी पिटाई न कर दे। पीड़िता अपने पिता को सख़्त से सख़्त सजा दिलाने की माँग कर रही है।
दो बच्चियों के यौन उत्पीड़न पर महाराष्ट्र में बवाल
महाराष्ट्र में महिलाओं और बच्चियों के साथ यौन शोषण की घटनाओं ने कोहराम मचा रखा है। ऐसी ही एक घटना 16 अगस्त की है, जहाँ महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर में दो बच्चियों के साथ स्कूल में यौन शोषण का मामला सामने आया था। 23 साल के आरोपित अक्षय शिंदे ने बच्चियों का स्कूल के बाथरूम में यौन शोषण किया था। घटना की जानकारी सामने आने पर परिजनों और लोगों ने अपना आक्रोश जमकर प्रकट किया था। हालात यह हो गये थे कि भीड़ और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। 23 सितंबर को आरोपित की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक़, आरोपित भागने की कोशिश कर रहा था। हालाँकि, एनकाउंटर की मंशा को लेकर मामला बॉम्बे हाई कोर्ट में है।





