Molitics Logo
होम Rajasthan: विधानसभा में बढ़ा गतिरोध, कांग्रेस विधायकों की नारेबाजी, बाहर कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

Rajasthan: विधानसभा में बढ़ा गतिरोध, कांग्रेस विधायकों की नारेबाजी, बाहर कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

इंदिरा गांधी पर की गई विवादित टिप्पणी और छह कांग्रेस विधायकों के निलंबन के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं ने विधानसभा का घेराव करने की कोशिश की। पुलिस ने 22 गोदाम |

Rajasthan: विधानसभा में बढ़ा गतिरोध,  कांग्रेस विधायकों की नारेबाजी, बाहर कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
फोटो: Rajasthan Assembly, Congress MLA
राजधानी में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच माहौल तनावपूर्ण हो गया। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर की गई विवादित टिप्पणी और छह कांग्रेस विधायकों के निलंबन के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं ने विधानसभा का घेराव करने की कोशिश की। पुलिस ने 22 गोदाम सर्किल पर बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिसके चलते कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की, जिस पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।

सदन में बढ़ा गतिरोध, कांग्रेस विधायकों ने किया विरोध


बीते तीन दिनों से सदन में जारी गतिरोध के खत्म होने की उम्मीद थी, लेकिन स्पीकर और कांग्रेस विधायकों के बीच तनातनी इतनी बढ़ गई कि मामला और बिगड़ गया। प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद स्पीकर वासुदेव देवनानी ने निलंबित विधायकों को सदन से बाहर निकालने के लिए मार्शल बुला लिए। इस दौरान कांग्रेस विधायकों और मार्शलों के बीच जबरदस्त धक्का-मुक्की देखने को मिली। स्थिति बिगड़ती देख स्पीकर ने सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी।

विधानसभा के बाहर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, "बीते तीन दिनों से सदन में गतिरोध बना हुआ है। हमने सत्ता पक्ष और स्पीकर से वार्ता की और उनकी मांगों पर सहमति भी जताई, लेकिन सरकार की मंशा ही नहीं है कि सदन ठीक से चले।" उन्होंने आगे कहा कि "सरकार को विपक्ष के साथ मिलकर गतिरोध खत्म करना चाहिए, लेकिन इसके बजाय वे दादागिरी दिखा रहे हैं। हमारी कोशिशों के बावजूद वे संवाद के लिए तैयार नहीं हैं। हमने वार्ता के सारे रास्ते खुले रखे हैं, लेकिन सरकार का रवैया टकराव वाला है।"

सदन में हंगामे के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार प्रदर्शन


सोमवार को प्रश्नकाल शुरू होते ही कांग्रेस विधायकों ने सदन में नारेबाजी शुरू कर दी। स्पीकर ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत निलंबित छह विधायकों को सदन छोड़ने का निर्देश दिया, लेकिन वे अपनी सीटों पर डटे रहे। हंगामे के चलते कार्यवाही पहले दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। बाद में सत्ता पक्ष और विपक्ष वार्ता के लिए स्पीकर के चैंबर में पहुंचे, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। जब प्रश्नकाल के बाद सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, तो कांग्रेस विधायकों ने फिर नारेबाजी शुरू कर दी। स्पीकर के बार-बार अनुरोध के बावजूद जब विधायक शांत नहीं हुए, तो उन्होंने मार्शलों को बुलाकर उन्हें सदन से बाहर निकालने का आदेश दिया।

विधानसभा के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेशभर से आए कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और विधानसभा के घेराव की कोशिश की। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बलपूर्वक हटाया और कई लोगों को हिरासत में लिया।

Read This Also:- पप्पू यादव ने कांग्रेस को बताया RJD से बड़ा, कहा- ‘कांग्रेस ऊंट है और बैठ भी जाए तो गदहा से ऊंचा ही रहता है।’