Molitics Logo
होम प्रफुल्ल पटेल को नहीं मिली कैबिनेट में जगह, बीजेपी ने कहा- बाद में शामिल होंगे

प्रफुल्ल पटेल को नहीं मिली कैबिनेट में जगह, बीजेपी ने कहा- बाद में शामिल होंगे

प्रफुल्ल पटेल को नहीं मिली कैबिनेट में जगह, बीजेपी ने कहा- बाद में शामिल होंगे
फोटो: प्रफुल्ल पटेल को नहीं मिली कैबिनेट में जगह, बीजेपी ने कहा- बाद में शामिल होंगे
मोदी 3.0 के मंत्रिमंडल में एनसीपी (अजीत पवार) के प्रफुल्ल पटेल को जगह नहीं मिल सकी है। इससे भाजपा और अजीत पवार गुट में थोड़ी खटास की भी खबरें आ रही हैं। दरअसल, प्रफुल्ल पटेल को कैबिनेट से नीचे का कोई पद स्वीकार नहीं है, जबकि बीजेपी प्रफुल्ल पटेल को राज्य मंत्री का स्वतंत्र प्रभार सौंपना चाहती थी, जिसे प्रफुल्ल ने स्वीकार नहीं किया है। महाराष्ट्र के डिप्एटी लाएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि प्रफुल्ल पटेल को बाद में शामिल किया जायेगा।



कैबिनेट से कम मंजूर नहीं


एनसीपी को उम्मीद थी कि मोदी मंत्रिमंडल में उनके वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल को कैबिनेट में जगह दी जायेगी। लेकिन प्रफुल्ल पटेल को राज्य मंत्री का स्वतंत्र प्रभार दिया जा रहा था, जिसे अजीत पवार और एनसीपी ने ठुकरा दिया। इस पूरे मामले में देवेंद्र फडणवीस अब  बचाव करते हुए दिख रहे हैं। फडणवीस ने कहा, “एनसीपी को सरकार में स्वतंत्र प्रभार वाली राज्य मंत्री का एक पद देने की पेशकश की गई थी। लेकिन एनसीपी की तरफ़ से बताया गया कि प्रफुल्ल पटेल पहले कैबिनेट मंत्री पद पर थे। इसलिए, वह स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री का पद नहीं संभाल पाएंगे।” एनसीपी को उम्मीद देते हुए उन्होंने कहा, “जब गठबंधन के साथ सरकार बनती है, तो कुछ नियम तय किये जाते हैं, कई पक्ष होते हैं। एक पार्टी की वज़ह से नियमों को बदला नहीं जा सकता। लेकिन भविष्य में जब भी विस्तार होगा तो उन्हें शामिल किया जायेगा।'’



विधानसभा के चुनाव पर असर


महाराष्ट्र में साल के अंत से पहले विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में महाराष्ट्र में भाजपा और एनसीपी के बीच जो भी राजनीतिक घटनाक्रम हो रहे हैं उसका प्रभाव आने वाले विधानसभा के चुनावों में भी देखा जा सकता है।


इस पूरे मुद्दे पर प्रफुल्ल पटेल की तरफ़ से भी प्रतिक्रिया आई है उन्होनें कहा “कल रात, हमें सूचना मिली कि हमें स्वतंत्र प्रभार वाला एक राज्य मंत्री पद मिलने जा रहा है। लेकिन मैं पहले ही कैबिनेट मंत्री रह चुका हूँ, इसलिए मैं यह पद नहीं ले सकता क्योंकि यह डिमोशन (पदावनति) होगा। हमने भाजपा नेतृत्व को सूचित कर दिया। उन्होंने हमें कहा है कि बस कुछ दिन इंतजार करें।'’ प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि फिलहाल उनकी पार्टी से कोई भी मंत्री नहीं बन रहा है।


महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार ने भी साफ़ कर दिया कि पार्टी कैबिनेट पद से नीचे कोई पद स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा, ''आज हमारे पास एक लोकसभा और एक राज्यसभा सांसद हैं, लेकिन अगले 2-3 महीनों में राज्यसभा में हमारे कुल 3 सदस्य होंगे और संसद में हमारे सांसदों की संख्या 4 होगी। इसलिए हमें एक कैबिनेट मंत्रालय की सीट दी जानी चाहिये।”



प्रफुल्ल पटेल सबसे चतुर व्यक्ति


इस पूरे घटनाक्रम पर चुटकी लेते हुए एनसीपी (शरद पवार) के नेता रोहित पवार ने कहा कि जो लोग बीजेपी के साथ जाते हैं उनकी ताकत कम हो जाती है। बीजेपी यह संदेश देना चाहती है कि लोकसभा में उन्हें उनसे(अजित पवार गुट) कोई फायदा नहीं हुआ है। इन सभी चीजों में प्रफुल्ल पटेल को सबसे ज्यादा फायदा हुआ है। प्रफुल्ल पटेल सबसे चतुर व्यक्ति हैं। इससे पहले लोकसभा चुनाव में टिकट बंटवारे को लेकर भी भाजपा और अजीत पवार गुट में खींचतान हो चुकी है।