Molitics Logo
होम पेमा खांडू तीसरी बार बने अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री, चाउना मीन ने ली उपमुख्यमंत्री पद की शपथ

पेमा खांडू तीसरी बार बने अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री, चाउना मीन ने ली उपमुख्यमंत्री पद की शपथ

पेमा खांडू तीसरी बार बने अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री, चाउना मीन ने ली उपमुख्यमंत्री पद की शपथ
फोटो: पेमा खांडू तीसरी बार बने अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री, चाउना मीन ने ली उपमुख्यमंत्री पद की शपथ
अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल कैवल्य त्रिविक्रम परनायक ने पेमा खांडू को राज्य के मुख्यमंत्री पद के रूप में शपथ दिलाई। पेमा खांडू लगातार तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बने हैं। इसके साथ चाउना मीन ने राज्य के उपमुख्यमंत्री पद के रूप में शपथ ली। दस विधायकों ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। गुरुवार को दोरजी खांडू कन्वेंशन हॉल में आयोजित समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और स्वास्थ्य मंत्री एवं बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा मौजूद रहे। बुधवार को हुई बैठक में पेमा खांडू को विधायक दल का नेता चुना गया था।


 


2016 में बने थे मुख्यमंत्री


पेमा खांडू 2016 से अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने नबाम तुकी के इस्तीफे के बाद पहली बार पदभार संभाला था। जब खांडू पहली बार मुख्यमंत्री बने थे, तब वे कांग्रेस में थे। लेकिन 2019 के लोकसभा के चुनाव के दौरान वे बीजेपी में शामिल हो गए। 2011 में पिता की मौत के बाद खांडू उनकी सीट मुक्तो से कांग्रेस के विधायक बने। 2014 में फिर इसी सीट से जीते। सितंबर 2016 में खांडू कांग्रेस के 43 विधायकों के साथ पीपुल्स पार्टी ऑफ़ अरुणाचल में शामिल हुए। दिसंबर 2016 में पीपुल्स पार्टी ऑफ़ अरुणाचल ने खांडू सहित 6 विधायकों को निलंबित कर दिया। खांडू ने पीपुल्स पार्टी ऑफ़ अरुणाचल के 43 में 33 विधायकों के साथ बीजेपी जॉइन की और राज्य के मुख्यमंत्री बने।


गुरुवार को विधायक दल का नेता चुनने के बाद पेमा खांडू ने कहा, “अरुणाचल प्रदेश बीजेपी के विधायक दल के नेता के रूप में सर्वसम्मति से चुने जाने पर बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं अत्यंत विनम्रता के साथ माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दृष्टिकोण के अनुरूप विकासोन्मुख शासन के एक और कार्यकाल के लिए बीजेपी का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी स्वीकार करता हूं।"



विधानसभा चुनाव का परिणाम


60 विधानसभा सीटों वाले अरुणाचल प्रदेश में बीजेपी ने 46 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया है। वही नेशनल पीपल्स पार्टी(एनपीपी) को पांच, कांग्रेस को एक और अन्य को 8 सीटें मिली हैं। अरुणाचल प्रदेश में बीजेपी और एनपीपी का गठबंधन है, इस लिहाज से यहां एनडीए को 51 सीट मिली है। राज्य की 60 सीटों में से सिर्फ 50 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हुआ क्योंकि खांडू सहित 10 सत्तारूढ़ बीजेपी उम्मीदवारों ने अपनी सीटें निर्विरोध जीत ली थी। 2019 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 60 में 41 सीटें जीती थी और पेमा खांडू को ही मुख्यमंत्री बनाया था।