Molitics Logo
होम Parliament Session:लोकसभा में 'सिंधिया लेडी किलर' टिप्पणी पर बवाल: TMC सांसद कल्याण बनर्जी को सस्पेंड करने की माँग

Parliament Session:लोकसभा में 'सिंधिया लेडी किलर' टिप्पणी पर बवाल: TMC सांसद कल्याण बनर्जी को सस्पेंड करने की माँग

कल्याण बनर्जी ने सिंधिया पर व्यंग्य करते हुए कहा, "आप अच्छे दिखने वाले इंसान हैं लेकिन आप खलनायक भी हो सकते हैं।" वह यहीं नहीं रुके और सिंधिया से कहा, "आप लेडी किलर हैं।"

Parliament Session:लोकसभा में 'सिंधिया लेडी किलर' टिप्पणी पर बवाल: TMC सांसद कल्याण बनर्जी को सस्पेंड करने की माँग
फोटो: Parliament Session:लोकसभा में 'सिंधिया लेडी किलर' टिप्पणी पर बवाल: TMC सांसद कल्याण बनर्जी को सस्पेंड करने की माँग
संसद के शीतकालीन सत्र में बुधवार को भी हंगामा देखने को मिला। लोकसभा में भाजपा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया और टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी के बीच तीखी बहस हुई। कल्याण बनर्जी ने सिंधिया पर व्यंग्य करते हुए कहा, "आप अच्छे दिखने वाले इंसान हैं लेकिन आप खलनायक भी हो सकते हैं।" वह यहीं नहीं रुके और सिंधिया से कहा, "आप लेडी किलर हैं।" इसके बाद दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस हुई।

कल्याण बनर्जी ने कहा कि सिंधिया खानदान से महाराजा हैं तो क्या सबको छोटा समझते हैं। इस पर सिंधिया ने कहा, "आप निजी टिप्पणी कर रहे हैं। मेरा नाम ज्योतिरादित्य सिंधिया है। अगर मेरे परिवार के बारे में गलत बोलेंगे तो मैं बर्दाश्त नहीं करूंगा। कोई नहीं करेगा।" हालांकि, विवाद बढ़ता देख कल्याण बनर्जी ने अपने बयान के लिए माफी मांगी, लेकिन सिंधिया ने उनकी माफी स्वीकार करने से इनकार कर दिया।

कल्याण बनर्जी ने आगे कहा, "मेरा इरादा सिंधिया या किसी को भी आहत करने का नहीं था।" उन्होंने माफी मांगी, इस पर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने खड़े होकर कहा, "हम सब यहां राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए आए हैं। आप नीतियों की आलोचना कीजिए लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। हर व्यक्ति आत्मसम्मान के साथ आता है। इन्होंने माफी मांगी, लेकिन मुझे यह माफी स्वीकार नहीं। इन्होंने देश की महिलाओं का अपमान किया है।" जब कल्याण बनर्जी ने बोलना शुरू किया तो हंगामा हो गया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही 5 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

BJP की महिला सांसदों ने किया विरोध

कल्याण बनर्जी के इस बयान पर अब राजनीतिक माहौल गरमा गया है। जानकारी के अनुसार, भाजपा की महिला सांसदों ने संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू से कल्याण बनर्जी के विरुद्ध शिकायत करने की योजना बनाई है। महिला सांसदों का आरोप है कि कल्याण बनर्जी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ अनुचित व्यक्तिगत टिप्पणी की है। सांसदों की मांग है कि कल्याण बनर्जी को निष्कासित किया जाए। महिला भाजपा सांसदों ने वर्तमान सत्र के शेष भाग के लिए कल्याण बनर्जी को निलंबित करने की मांग की है।