अगर ऐसा होता है तो यह उकसाने का काम
संजय राउत ने कहा कि अगर कांग्रेस सोलापुर दक्षिण से ऐसा कुछ करती है, तो यह उकसाने का काम होगा और यह MVA के लिए समस्या पैदा कर सकता है। राउत ने कहा कि कांग्रेस ने अपनी नई सूची में सोलापुर दक्षिण सीट से अपने उम्मीदवार दिलीप माणे के नाम का ऐलान किया है। यह ऐसे समय पर हुआ जब हम पहले ही इस सीट से अपने उम्मीदवार अमर पाटिल को उतार चुके हैं। उन्होंने कहा कि वह इसे कांग्रेस द्वारा टाइपिंग की गलती मानते हैं। जो गलती हमारी तरफ से भी हो सकती है।
शिवसेना(UBT) सांसद संजय राउत ने कहा, “मैंने सुना है कि स्थानीय कांग्रेस नेता मिराज सोलापुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए उत्सुक हैं, जो हमारे सीट-बंटवारे के फॉर्मूले का हिस्सा है। ऐसा संक्रमण मतलब सहयोगियों के खिलाफ उम्मीदवार उतरना अगर पूरे राज्य में फैलता है, तो यह MVA के लिए समस्याएं पैदा कर सकता है।” कांग्रेस के मुंबई में ज्यादा सीटों पर लड़ने के इच्छुक होने के बारे में पूछे जाने पर राउत ने कहा कि पार्टी मुंबई में एक और सीट मांग रही है। शिवसेना हमेशा से ही मुंबई में अधिक सीटों पर चुनाव लड़ती रही है। मुंबई में पार्टी की जरूरत है, जिस तरह से कांग्रेस की विदर्भ क्षेत्र में जरूरत है।\
आलाकमान ने लिया फैसला
वहीं दूसरी ओर, महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने बताया कि पार्टी आलाकमान ने सोलापुर दक्षिण सीट से चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर हम इस पर टिप्पणी नहीं कर सकते। राउत को मेरा विनम्र सुझाव है कि उन्हें अपनी आलोचना सीधे विपक्ष पर करना चाहिए, क्योंकि नामांकन दाखिल करने का मुद्दा कल तक(मंगलवार) खत्म हो जाएगा।
20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, उद्धव ठाकरे की शिवसेना और शरद पवार की एनसीपी, सत्तारूढ़ महायुति को चुनौती दे रही है। जिमसें भाजपा, शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी शामिल है।





