यूट्यूब से हटाया गया विवादित एपिसोड
बढ़ते विवाद को देखते हुए शो के विवादित एपिसोड को यूट्यूब से हटा दिया गया है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने यूट्यूब को इस वीडियो को हटाने और तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया था, जिसके बाद यह कदम उठाया गया। मामले में केस दर्ज होने के बाद मुंबई पुलिस ने समय रैना और रणवीर इलाहाबादिया से संपर्क किया और जांच में सहयोग करने के लिए कहा। पुलिस ने दोनों को जांच अधिकारियों के सामने पेश होने का निर्देश दिया है ताकि वे अपना पक्ष रख सकें।
बढ़ते विरोध के बीच रणवीर इलाहाबादिया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर माफी मांगी। उन्होंने लिखा,
"मेरा कमेंट न केवल अनुचित था, बल्कि यह मजाकिया भी नहीं था। कॉमेडी मेरी विशेषता नहीं है। मैं यहां सिर्फ माफी मांगने आया हूं, बिना किसी बहाने के।"
हालांकि, समय रैना ने अभी तक इस विवाद पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
जैसे ही यह एपिसोड सामने आया, सोशल मीडिया यूजर्स ने रणवीर इलाहाबादिया और ‘India’s Got Latent’ को बैन करने की मांग शुरू कर दी। कई यूजर्स ने रणवीर को अनसब्सक्राइब करना शुरू कर दिया और आरोप लगाया कि वे जिस पॉपुलैरिटी का फायदा उठा रहे हैं, उसके लायक नहीं हैं।
फिलहाल, इस पूरे विवाद पर शो की टीम और यूट्यूब की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन विवाद के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए यह मुद्दा जल्द शांत होता नहीं दिख रहा।





