जयंत चौधरी का तीखा तंज: 'ऑरवेलियन 1984 की ओर पुलिसिंग!'
मेरठ पुलिस के इस आदेश पर जयंत चौधरी ने अपनी नाराजगी जताते हुए ट्वीट किया, "ऑरवेलियन 1984 की ओर पुलिसिंग!" उनके इस बयान का इशारा जॉर्ज ऑरवेल के प्रसिद्ध उपन्यास 1984 की ओर था, जिसमें एक तानाशाही सरकार दिखाया गया है, जो नागरिकों की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखती है और उनकी स्वतंत्रता को सीमित करती है। जयंत चौधरी का यह बयान पुलिस की सख्त कार्रवाई पर सवाल उठाता है और इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हनन बताने की कोशिश करता है।
मेरठ के सिटी एसपी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि इस बार ईद की नमाज केवल तयशुदा जगहों, जैसे मस्जिदों और फैज-ए-आम इंटर कॉलेज में ही अदा की जा सकेगी। सड़कों या सार्वजनिक स्थलों पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं होगी। इस नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। ईदगाह और अन्य संवेदनशील स्थानों पर PAC, RAF और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा, ड्रोन और वीडियो कैमरों से निगरानी भी की जाएगी ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
मेरठ पुलिस के आदेश के अनुसार, अगर कोई व्यक्ति सड़क पर नमाज अदा करता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ तत्काल FIR दर्ज की जाएगी और उसे गिरफ्तार भी किया जा सकता है। इतना ही नहीं, सार्वजनिक शांति भंग करने वाले व्यक्तियों की जानकारी दस्तावेजीकरण कर विदेश मंत्रालय को भेजी जाएगी, जिससे वे मक्का-मदीना समेत किसी भी विदेशी यात्रा पर प्रतिबंधित हो सकते हैं।
क्या है 'ऑरवेलियन स्टेट' जिसका जिक्र जयंत चौधरी ने किया?
जयंत चौधरी का "ऑरवेलियन 1984" वाला ट्वीट दरअसल तानाशाही शासन प्रणाली की ओर इशारा करता है। जॉर्ज ऑरवेल की मशहूर किताब 1984 में एक ऐसे राज्य की कल्पना की गई है, जहां सरकार नागरिकों की हर गतिविधि पर नजर रखती है, सच को दबाती है, आजादी का हनन करती है और डर का माहौल बनाकर शासन करती है।
1949 में प्रकाशित इस उपन्यास में दिखाया गया है कि कैसे एक दमनकारी सरकार अपने नागरिकों की निजी स्वतंत्रता को छीन लेती है। जयंत चौधरी का यह बयान यूपी सरकार और पुलिस पर सीधा हमला माना जा रहा है, जिसमें वह प्रशासन की नीतियों को तानाशाहीपूर्ण बता रहे हैं।
Read This Also:- सपा सांसद रामजीलाल सुमन के घर पर हमला: करणी सेना पर आरोप, पुलिस ने 12 को हिरासत में लिया
Read This Also:- सपा सांसद रामजीलाल सुमन के घर पर हमला: करणी सेना पर आरोप, पुलिस ने 12 को हिरासत में लिया





