एकनाथ शिंदे को क्या ज़िम्मेदारी मिलेगी
उन्होंने महत्वपूर्ण खुलासा करते हुए कहा, "एकनाथ शिंदे संभवतः उप-मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे, लेकिन वे महायुति के अध्यक्ष बन सकते हैं। गठबंधन के अध्यक्ष के रूप में वे सरकार का मार्गदर्शन कर सकते हैं। उन्हें महायुति का अध्यक्ष पद मिलना चाहिए।"
केंद्रीय मंत्री अठावले ने आगे कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का जो भी निर्णय होगा, वह सभी को स्वीकार होगा। यह बात शिंदे ने खुद कही है। वे समझते हैं कि बीजेपी ने बहुत सीटें जीती हैं।
एकनाथ शिंदे ने उत्कृष्ट काम किया है और वे बेहतरीन व्यक्ति हैं। हमारा मानना है कि पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का निर्णय सर्वमान्य होगा।"
उन्होंने कहा, "चाहे एकनाथ शिंदे का नाम आए या देवेंद्र फडणवीस का, दोनों ही योग्य हैं। बीजेपी हाईकमान का जो भी फैसला होगा, वह एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस दोनों को स्वीकार होगा।"
बीजेपी के पास बहुमत है
जब केंद्रीय मंत्री से पूछा गया कि क्या शिंदे को मुख्यमंत्री पद का कोई पूर्व वादा किया गया था, तो उन्होंने स्पष्ट किया, "यह तय था कि चुनाव शिंदे के नेतृत्व में लड़ा जाएगा, लेकिन ढाई साल बाद उन्हें मुख्यमंत्री बनाने का कोई वादा नहीं किया गया था। बीजेपी के पास बहुमत है और शिंदे को पहले ही ढाई साल का कार्यकाल मिल चुका है। हालांकि, बीजेपी हाईकमान का अंतिम निर्णय अभी बाकी है।"
महाराष्ट्र BJP नेताओं के अनुसार, बीजेपी नेता विजय रूपाणी कल शाम मुंबई पहुंच रहे हैं। निर्मला सीतारमण 4 दिसंबर की सुबह मुंबई आएंगी। उसी दिन विधानसभा में बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी और शाम तक विधायक दल का नेता चुना जाएगा। 5 दिसंबर को शाम 5 बजे मुंबई के आजाद मैदान में मुख्यमंत्री पद का शपथ ग्रहण समारोह होगा।





