Molitics Logo
होम जस्टिस काटजू का ऑपरेशन सिंदूर पर तंज: "जल्द इस्लामाबाद में होगी बिरयानी पार्टी"

जस्टिस काटजू का ऑपरेशन सिंदूर पर तंज: "जल्द इस्लामाबाद में होगी बिरयानी पार्टी"

जस्टिस काटजू ने एक पोस्ट में लिखा, "जल्द ही हम लाहौर में नाश्ते में बेकन और अंडे खाएंगे, इस्लामाबाद में लंच में बिरयानी का मजा लेंगे, पेशावर में चाय के |

जस्टिस काटजू का ऑपरेशन सिंदूर पर तंज: "जल्द इस्लामाबाद में होगी बिरयानी पार्टी"
फोटो: जस्टिस काटजू का ऑपरेशन सिंदूर पर तंज: "जल्द इस्लामाबाद में होगी बिरयानी पार्टी"
भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे गहराते सैन्य तनाव के बीच सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश मार्कंडेय काटजू ने अपने खास अंदाज़ में चुटकी ली है। उन्होंने पाकिस्तान पर तंज कसते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर दो व्यंग्यात्मक पोस्ट शेयर किए हैं, जिनमें उन्होंने भविष्य के 'संभावित घटनाक्रमों' को हास्यपूर्ण अंदाज़ में पेश किया। जस्टिस काटजू ने एक पोस्ट में लिखा, "जल्द ही हम लाहौर में नाश्ते में बेकन और अंडे खाएंगे, इस्लामाबाद में लंच में बिरयानी का मजा लेंगे, पेशावर में चाय के साथ डोनट्स खाएंगे और कराची में डिनर में सी-फूड का स्वाद लेंगे।" उन्होंने पाकिस्तान के शहरों के नाम बदलने की भी कल्पना करते हुए लिखा, "हम लाहौर का नाम 'लव नगर' रखेंगे (लाहौर वाली को खुश करने के लिए), कराची को 'न्यू काशी', पेशावर को 'पेशवा नगर' और क्वेटा को 'कृष्णा नगर' नाम देंगे।"

पूर्व जस्टिस का यह तंज ऐसे समय आया है जब पाकिस्तान की ओर से भारत पर हमले की लगातार कोशिशें हो रही हैं। बीती रात (8 मई) पाकिस्तान ने भारत के 15 से अधिक सैन्य प्रतिष्ठानों को ड्रोन से निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय सेना ने सख्ती से जवाब देते हुए 50 से अधिक ड्रोन मार गिराए। इसके बाद पाकिस्तान की सेना ने एलओसी पर भारी गोलाबारी की, जिसका भारतीय जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया।

भारत-पाकिस्तान के बीच यह तनाव 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद और बढ़ गया, जब आतंकवादियों ने 26 निर्दोष पर्यटकों की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके जवाब में भारतीय सेना ने पाकिस्तान में स्थित 9 आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया। भारत की इस कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत पर नागरिकों और बच्चों को निशाना बनाने का आरोप लगाया, जबकि भारतीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी लक्षित स्थान केवल आतंकवादी गतिविधियों के अड्डे थे। इसी क्रम में पाकिस्तान की ओर से ड्रोन हमलों और एलओसी पर सीजफायर उल्लंघन की घटनाएं सामने आई हैं।

जहां पाकिस्तान लगातार उकसावे की कार्रवाई कर रहा है, वहीं भारत सरकार और सेना ने स्पष्ट किया है कि देश अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगा। सेना के सूत्रों के अनुसार, सीमा पर वायु रक्षा प्रणालियों को अलर्ट पर रखा गया है और किसी भी प्रकार के खतरे से निपटने के लिए ऑपरेशनल तैयारी पूरी है।