स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने की हवाई फायरिंग
जुलूस के दौरान उपद्रवियों ने माहौल खराब करने की कोशिश की, जिसके बाद हिंसा भड़क उठी। लोगों की नाराजगी इतनी बढ़ गई कि पुलिस के समझाने के बावजूद वे शांत होने को तैयार नहीं थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। मौके पर सिटी एसपी अरविंद कुमार सिंह, एसडीपीओ अमित आनंद, डीएसपी अमित कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन की मदद से उपद्रवियों की पहचान करने का काम शुरू कर दिया है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट कर दिया गया है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हजारीबाग की डिप्टी कमिश्नर नैंसी सहाय ने बताया कि घटना झंडा चौक के पास हुई, जब रामनवमी जुलूस में बज रहे गानों पर एक समूह ने आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों गुटों में हाथापाई हुई और पथराव शुरू हो गया। हालांकि, सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई के कारण स्थिति पर जल्द ही काबू पा लिया गया। रामनवमी से पहले हर मंगलवार को हजारीबाग में मंगला जुलूस निकाला जाता है। इस बार होली के बाद दूसरा मंगलवार होने के कारण दूसरा जुलूस निकाला गया था। जब जुलूस जामा मस्जिद चौक के पास पहुंचा, तभी कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की।
पुलिस और प्रशासन स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है, और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार गश्त की जा रही है। हजारीबाग के एसपी अरविंद कुमार ने बताया कि शुरुआती पथराव के बाद अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
Read This Also:- संभल में ईद से पहले पुलिस प्रशासन का बड़ा फैसला, सार्वजनिक स्थलों पर नमाज की अनुमति नहीं
Read This Also:- संभल में ईद से पहले पुलिस प्रशासन का बड़ा फैसला, सार्वजनिक स्थलों पर नमाज की अनुमति नहीं





