Molitics Logo
होम हरियाणा चुनाव: कुमारी सैलजा और भूपिंदर सिंह के बीच विवादों को ख़त्म करते दिखे राहुल गाँधी

हरियाणा चुनाव: कुमारी सैलजा और भूपिंदर सिंह के बीच विवादों को ख़त्म करते दिखे राहुल गाँधी

राहुल गाँधी ने एक मज़बूत पार्टी के रूप में स्टेज़ पर मौज़ूद सभी नेताओं के हाथों को पकड़ने का इशारा करते हुए, पार्टी की एकता और आत्मविश्वास का नज़ारा पेश किया।

हरियाणा चुनाव: कुमारी सैलजा और भूपिंदर सिंह के बीच विवादों को ख़त्म करते दिखे राहुल गाँधी
फोटो: हरियाणा चुनाव: कुमारी सैलजा और भूपिंदर सिंह के बीच विवादों को ख़त्म करते दिखे राहुल गाँधी
हरियाणा में विधानसभा चुनाव का अभियान अपने अंतिम दौर में हैं। प्रदेश में पाँच अक्टूबर को होने चुनाव से पहले सभी राजनीतिक दल अपने अभियान में कोई कमी नहीं छोड़ रहे। ऐसे में कांग्रेस की तरफ़ से एक खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली है। सोमवार को कांग्रेस की अंबाला के नारायणगढ़ में स्थित हुड्डा ग्राउंड की रैली में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गाँधी ने सिरसा से सांसद और प्रदेश में दलित प्रमुख़ चेहरा कुमारी सैलजा और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा के बीच चर्चित विवाद को ख़त्म करने की कोशिश की। राहुल गाँधी ने एक मज़बूत पार्टी के रूप में स्टेज़ पर मौज़ूद सभी नेताओं के हाथों को पकड़ने का इशारा करते हुए, पार्टी की एकता और आत्मविश्वास का नज़ारा पेश किया। इस दौरान कुमारी सैलजा और भूपिंदर सिंह हुड्डा साथ में ही खड़े थे। सितंबर के महीने में पार्टी की तरफ़ से आयोजित प्रचार में सैलजा की ग़ैर-मौजूदगी ने उनकी नाराज़गी को जग ज़ाहिर कर दिया था। बीजेपी सहित अन्य पार्टियों ने इस मौके का फ़ायदा उठाते हुए सैलजा को अपनी पार्टी में शामिल होने का ऑफर भी दिया। इसके साथ ही पार्टी में महत्वपूर्ण पद दिए जाने का वादा भी किया गया।

सैलजा की ख़ामोशी ने हरियाणा की राजनीति में एक अलग हलचल को हवा दी हुई थी। कुछ दिनों पहले सैलजा ने एक निजी न्यूज़ चैनल को दिए इंटरव्यू में सभी अफवाहों और चर्चाओं को ताला लगाते हुए कहा कि वह कांग्रेस पार्टी को छोड़कर कहीं नहीं जाने वाली। उन्होंने कहा कि यह बात सही है कि पार्टी में उनकी कुछ शिक़ायतें हैं, जिसकों वरिष्ठ नेताओं के सामने उठाया गया। इसके बावज़ूद वह पार्टी से कहीं नहीं जाने वाली है, क्योंकि उनकी नसों में कांग्रेस का ख़ून है। कांग्रेस सांसद ने हरियाणा का मुख्यमंत्री बनने के विकल्प पर कहा कि उनकी इच्छा भी यही है, लेकिन पार्टी में सभी को साथ लेकर चलना होता है। हालाँकि, उन्होंने पार्टी आलाकमान के सामने अपनी शिक़ायतें और बातें साफ़ तौर पर रखी। कुछ दिनों पहले कुमारी सैलजा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाक़ात की थी। इसके बाद से सैलजा की नाराज़गी सार्वजानिक तौर पर कम नज़र आयी।


गाँधी परिवार की क़रीबी हैं सैलजा

कुमारी सैलजा की गिनती गाँधी परिवार के करीबियों में होती है। सैलजा प्रदेश में टिकट बंटवारे को लेकर खुश नहीं है। ज़ाहिर है इस बार के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की 90 सीटों पर उम्मीदवारों के चयन में भूपिंदर सिंह हुड्डा की भूमिका मुख्य रही है। जबकि कुछ सीटों पर उम्मीदवारों के चयन को लेकर सैलजा को आपत्ति थी। अब इस तस्वीर के जरिये कांग्रेस ने एक तरह से इस तरह की चर्चाओं पर विराम लगाने की भी कोशिश की है। तस्वीर यह बताती है कि गांधी परिवार के बीच सैलजा की अहमियत कम नहीं हुई है। गांधी परिवार और पार्टी पर सैलजा की पकड़ बरकरार है। तस्वीर में देखें तो प्रियंका गांधी के बाद कुमारी सैलजा, राहुल गांधी, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और फिर कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल नजर आ रहे हैं। यह तस्वीर अपने आप पूरी कहानी बयान कर रही है। यह इस बात का संकेत है कि पार्टी आलाकमान नहीं चाहता है कि पार्टी के अंदरूनी मामलों का कोई बहरी व्यक्ति फ़ायदा उठाए, यही कारण है कि नराज़गियों और मतभेदों के बाद भी सैलजा और हुड्डा साथ-साथ नज़र आए।