अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "अगर प्रधानमंत्री जी ने कोई गांव गोद लिया है और आज तक उसकी तस्वीर नहीं बदली है, तो यह उत्तर प्रदेश सरकार पर बड़ा सवाल है।" उन्होंने तंज करते हुए कहा कि केंद्र की 11 साल और यूपी की 9 साल की सरकार को मिलाकर कुल 20 साल के शासन का हिसाब जनता को देना चाहिए। सपा प्रमुख ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने कहा, "जनता को न्याय नहीं मिल रहा है। सरकार को जवाब देना होगा कि इतने वर्षों में उन्होंने जमीनी स्तर पर क्या बदलाव किए हैं।"
गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 9 जून को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र सरकार की 11 साल की उपलब्धियों को गिनाया था। उन्होंने कहा था कि,
"हम 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास' के मंत्र के साथ आगे बढ़े हैं।"
नड्डा ने दावा किया कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना मोदी सरकार का ऐतिहासिक कदम था। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव में जहां 58.46% मतदान हुआ, वहीं जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में 63% मतदान हुआ, जो बदलाव का प्रमाण है।
इसके अलावा, उन्होंने कहा कि SC-ST-OBC वर्गों और महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में सरकार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है — फिर चाहे वह महिलाओं को पायलट बनाना हो या उन्हें सेना में कमीशन देना, सैनिक स्कूलों और NDA में दाखिला हो या ‘लखपति दीदी’ योजना के माध्यम से सशक्तिकरण।





