वीडियो पोस्ट में क्या है
दिग्विजय सिंह द्वारा जारी किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बूथ का दरवाजा बंद है। बाहर विरोधी नारे लगा रहे होते हैं। वीडियो में कुछ लोगों की आवाज़ें सुनी जा सकती हैं जिसमें वे कहते हैं 'मनोज तिवारी को बाहर निकालो'। कुछ लोग दरवाजे को खटखटाते हैं। वहाँ काफी शोरगुल हो रहा है। वीडियो में लोगों को यह भी कहते सुना जा सकता है कि 'दरवाजा बंद कर अंदर क्या कर रहे हैं फर्जी वोट डल रहे हैं क्या।
दिग्विजय ने क्या लिखा
दिग्विजय सिंह ने जो वीडियो पोस्ट जारी की है उसमें दावा किया गया है कि बीजेपी सांसद मनोज तिवारी फ़र्ज़ी मतदान में शामिल थे। दिग्विजय सिंह ने एक्स पर कहा, “वीडियो उत्तर-पूर्वी दिल्ली का है, जहाँ मतदान के दौरान मनोज तिवारी पुलिस सुरक्षा में अपनी टीम के साथ मतदान केंद्र के अंदर हैं। जाहिर तौर पर फर्जी मतदान कर रहे हैं। बीजेपी द्वारा लोकतंत्र की हत्या किए जाने के दौरान मुख्य दरवाजे बंद थे। क्या चुनाव आयोग कृपया इस पर गौर करेगा और इस बूथ के चुनाव आयोग के पर्यवेक्षक और पीठासीन अधिकारी से रिपोर्ट माँगेगा? मतदान के दौरान मतदान केंद्र के गेट बंद करने का क्या कारण था?”
मनोज तिवारी का मुकाबला कांग्रेस के कन्हैया से
इस लोकसभा चुनाव में नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से बीजेपी के मौजूदा सांसद मनोज तिवारी का मुकाबला कांग्रेस के कन्हैया कुमार से हैं। कांग्रेस द्वारा कन्हैया कुमार को प्रत्याशी बनाने के बाद इस सीट पर आने वाली चार जून को टक्कर का मुकाबला देखने को मिल सकता। नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में पूर्वांचली वोटर की एक अच्छी खासी हिस्सेदारी हैं और मनोज और कन्हैया दोनों पूर्वांचली चेहरा है। बीजेपी ने दिल्ली में मनोज तिवारी को छोड़कर मौजूदा छह सांसदों का टिकट काट दिया था। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस इंडिया गठबंधन के रूप में मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। दिल्ली में आम आदमी पार्टी चार और कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही है। दिल्ली में छठे चरण में 25 मई को मतदान हो चुका है जिसके नतीजे चार जून को जारी होंगे।





