Molitics Logo
होम क्या यूपी में SP ने कांग्रेस का 'हाथ' झटक दिया? दोनों दल अकेले लड़ रहे, उपमुख्यमंत्री ने ली चुटकी

क्या यूपी में SP ने कांग्रेस का 'हाथ' झटक दिया? दोनों दल अकेले लड़ रहे, उपमुख्यमंत्री ने ली चुटकी

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने यूपी कांग्रेस के विधानसभा घेराव पर चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस और सपा में फूट हो चुकी है।

क्या यूपी में SP ने कांग्रेस का 'हाथ' झटक दिया? दोनों दल अकेले लड़ रहे, उपमुख्यमंत्री ने ली चुटकी
फोटो: क्या यूपी में SP ने कांग्रेस का 'हाथ' झटक दिया? दोनों दल अकेले लड़ रहे, उपमुख्यमंत्री ने ली चुटकी
यूपी की नौ विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस के पीछे हटने के ऐलान के बाद से सपा और उसके रिश्तों में खटास की खबरें सामने आ रही हैं। आज कांग्रेस ने विधानसभा का घेराव करने का फैसला किया, लेकिन इंडिया गठबंधन में शामिल सपा उसके साथ नहीं है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने यूपी कांग्रेस के विधानसभा घेराव पर चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस और सपा में फूट हो चुकी है। संभल मामले में भी दोनों दल अलग-अलग रुख अपनाए हुए हैं। 

बुधवार को विधानसभा सत्र से पहले पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि सपा लोकसभा चुनाव में जीत का श्रेय खुद को दे रही है, जबकि कांग्रेस इसे अपनी उपलब्धि बता रही है। दोनों दल अपना महत्व साबित करने में लगे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस मुक्त उत्तर प्रदेश और समाजवादी पार्टी का पतन तय है, इसलिए 2027 में 2017 की तरह भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। यह प्रदर्शन निरर्थक है - न इनके पास नेतृत्व है, न ही नीति।

विधानसभा में विपक्ष के नेता और सपा नेता माता प्रसाद पांडेय ने कांग्रेस के प्रदर्शन पर कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हमें अपनी बात रखने और प्रदर्शन करने का अधिकार है। प्रदर्शन में सपा की भागीदारी के सवाल पर उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस के बुधवार दोपहर के विधानसभा घेराव कार्यक्रम के लिए पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निषेधाज्ञा लागू है और विधानसभा सत्र चल रहा है, इसलिए किसी को भी नियमों का उल्लंघन नहीं करने दिया जाएगा। कांग्रेस के घेराव के ऐलान के बाद नेताओं का लखनऊ आना शुरू हो गया है। जिलों में कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट किया जा रहा है और जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है। लखनऊ में कांग्रेस कार्यालय के बाहर आरएएफ (रैपिड एक्शन फोर्स) तैनात की गई है।

विधानसभा की ओर जाने वाली सड़कों पर बैरिकेड लगाए गए हैं और मॉल एवेन्यू क्षेत्र में कांग्रेस कार्यालय के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है। कांग्रेस प्रवक्ता मनीष हिंदवी के अनुसार, पुलिस द्वारा कांग्रेस नेताओं को रोकने और धमकाने के प्रयासों के बावजूद हजारों कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा, "इस आंदोलन का नेतृत्व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे कर रहे हैं।" राय ने मंगलवार को आरोप लगाया था कि राज्य सरकार ने अपनी "अन्यायपूर्ण" नीतियों के विरोध से बचने के लिए कई जिलों में पार्टी सदस्यों को नजरबंद कर दिया है।