कोर्ट ने क्या कहा
कोर्ट ने बृजभूषण के खिलाफ आईपीसी धारा 354 (किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल), 354-ए (यौन उत्पीड़न) और धारा 506 (आपराधिक धमकी) के तहत आरोप तय करने का आदेश दिया। बृजभूषण के सेक्रेटरी विनोद तोमर पर कोर्ट ने आईपीसी की धारा 506(1) के तहत आरोप तय करने के पर्याप्त सबूत है। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण सिंह के खिलाफ पिछले साल जून में आईपीसी धारा 354, 354-ए, 354-डी (पीछा करना) और 506 के तहत आरोप पत्र दाखिल किया था।
आरोप तय होने के बाद क्या होगा
कोर्ट द्वारा आरोप तय किए जाने के बाद अब इस मामले में ट्रायल शुरू होगा। सबसे पहले जांच एजेंसी यानी दिल्ली पुलिस आरोपी बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ जिन तीन धाराओं में आरोप तय किए गए हैं, उसे साबित करने के लिए अपने सबूत पेश करेगी। इसके बाद बृजभूषण अपने बचाव में सबूत पेश करेंगे, फिर दिल्ली पुलिस के वकील की तरफ से सवाल-जवाब किए जाएंगे। ट्रायल पूरा होने के बाद कोर्ट दोष साबित होने के संबंध में अपना फैसला सुनाएगी।
बृजभूषण ने क्या बोला
कोर्ट द्वारा आरोप तय किए जाने के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, “एक केस को छोड़कर बाकी केसों में आरोप तय हुआ है। मैं कोर्ट के फैसले का स्वागत करता हूं, क्योंकि अब आरोप पर ही बात होगी। मैं इसके खिलाफ केस लडूंगा क्योंकि अब मेरे लिए दरवाजे खुल गए हैं।”
आरोपी को सजा मिलने तक केस लड़ेंगे
बृजभूषण के खिलाफ आरोप तय होने पर पहलवान साक्षी मलिक ने कहा कि यह हमारे लंबे संघर्ष की ओर एक कदम है। यह लड़ाई हमारे लिए नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए थी। मैं अदालत के फैसले का स्वागत करती हूं। पहले हमसे सबूतों की कमी के कारण पूछताछ की गई थी लेकिन अब पर्याप्त सबूत हैं, हम तब तक केस लड़ेंगे जब तक आरोपी को सजा नहीं मिल जाती। ये बात भी हमें अंत तक मंजूर नहीं होगी कि संजय सिंह कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बने रहेंगे क्योंकि वे बृजभूषण शरण सिंह के करीबी सहयोगी हैं। हमने महासंघ में सेक्सुअल हैरेसमेंट के खिलाफ लड़ाई लड़ी। लेकिन उनके खिलाफ आरोप तय होने से उद्देश्य प्राप्त नहीं हुआ। हमें उम्मीद है कि कुश्ती में अब कोई हैरेसमेंट नहीं होगा।
आरोप क्या है
आप को बता दे कि पिछले साल जनवरी की कड़कड़ाती ठंड में ओलंपिक पदक विजेता महिला पहलवान साक्षी मलिक और विनेश फोगाट समेत अन्य पहलवानों ने भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दिल्ली के जंतर मंतर पर कई दिनों तक प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन कर रहे पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।





