Molitics Logo
होम Delhi Polls: AAP की दूसरी लिस्ट जारी, सिसोदिया की सीट बदली, पटपड़गंज से अवध ओझा को टिकट

Delhi Polls: AAP की दूसरी लिस्ट जारी, सिसोदिया की सीट बदली, पटपड़गंज से अवध ओझा को टिकट

मनीष सिसोदिया को उनकी पुरानी सीट पटपड़गंज के बजाय इस बार जंगपुरा विधानसभा से चुनाव में उतारा जाएगा।

Delhi Polls: AAP की दूसरी लिस्ट जारी, सिसोदिया की सीट बदली, पटपड़गंज से अवध ओझा को टिकट
फोटो: Delhi Polls: AAP की दूसरी लिस्ट जारी, सिसोदिया की सीट बदली, पटपड़गंज से अवध ओझा को टिकट
दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियों में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी जुट गई है। हालांकि चुनाव की औपचारिक घोषणा अभी नहीं हुई है, पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पहले चरण में पार्टी ने 11 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी, और अब 20 प्रत्याशियों की दूसरी सूची सामने आई है। इस नई सूची में एक महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की सीट बदल दी गई है। 

मनीष सिसोदिया को उनकी पुरानी सीट पटपड़गंज के बजाय इस बार जंगपुरा विधानसभा से चुनाव में उतारा जाएगा। इस निर्णय से पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और ओल्ड राजेंद्र नगर के विधायक दुर्गेश पाठक सुबह अरविंद केजरीवाल के निवास पर पहुंचे। मनीष सिसोदिया और दिल्ली सरकार के मंत्री इमरान हुसैन भी इस बैठक में शामिल हुए, जहां टिकट वितरण पर चर्चा की गई।


 अवध ओझा को पटपड़गंज से मिला टिकट


दिल्ली में चौथी बार सरकार बनाने की कवायद में जुटी आम आदमी पार्टी ने अपनी दूसरी सूची में कई नए चेहरों को मौका दिया है। पार्टी ने पटपड़गंज, पटेल नगर और शाहदरा—तीनों महत्वपूर्ण सीटों पर नए उम्मीदवारों पर दांव लगाया है। पटपड़गंज से वर्तमान विधायक मनीष सिसोदिया की जगह प्रसिद्ध शिक्षक अवध ओझा को चुना गया है, जिन्होंने हाल ही में पार्टी की सदस्यता ली है।

शाहदरा से मौजूदा विधायक और दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने चुनाव न लड़ने का निर्णय लिया था।  इसके बाद से ही नए प्रत्याशी की संभावना बन रही थी। पार्टी ने यहां से पूर्व भाजपा नेता जितेंद्र सिंह शंटी को टिकट दिया है, जो हाल ही में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं। शंटी 2013 में भाजपा के टिकट पर शाहदरा से विधायक रह चुके हैं। 

पटेल नगर से पार्टी ने प्रवेश रतन को उम्मीदवार बनाया है, जो हाल ही में पार्टी में शामिल हुए हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में वे भाजपा के टिकट पर यहीं से चुनाव लड़े थे, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सके थे। देवली विधानसभा से वर्तमान विधायक प्रकाश जारवाल की जगह प्रेम सिंह चौहान को टिकट दिया गया है।  चौहान AAP के  पार्षद हैं ।