अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी के संकल्प पत्र को फर्जी करार देते हुए कहा कि दिल्ली में अगर उनकी सरकार बनती है, तो लाखों रुपये के पानी के बिल माफ किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 2020 में दिल्लीवासियों से किए गए वादों में यमुना को साफ करना, दिल्ली की सड़कों को यूरोपीय मानकों के अनुरूप बनाना और पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करना शामिल था।
केजरीवाल ने स्वीकार किया कि पिछले पांच वर्षों में ये वादे पूरे नहीं हो पाए। उन्होंने कहा, "हमें ये तीन काम नहीं कर पाए, और मैं इसे कबूल करता हूं। ढाई साल कोरोना महामारी की चपेट में रहे, उसके बाद जेल जाने का दौर शुरू हुआ, और मेरी पूरी टीम बिखर गई।"
केजरीवाल के वादे
रोजगार की गारंटी: केजरीवाल ने कहा कि उनकी टीम पढ़ी-लिखी और सक्षम है, जो रोजगार के अवसर दिल्ली के हर बच्चे तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है। इसके अलावा, हर महिला को 2100 रुपये महीने की आर्थिक मदद देने की योजना बनाई गई है।
इलाज की गारंटी: केजरीवाल ने संजीवनी योजना का ऐलान किया, जिसके तहत बुजुर्गों का इलाज दिल्ली सरकार मुफ्त में करेगी। यह योजना वृद्ध नागरिकों के स्वास्थ्य संबंधी खर्चों को कवर करेगी।
पानी की गारंटी: केजरीवाल ने कहा कि पहले पानी के बिल गलत तरीके से भेजे जा रहे थे। उनका आरोप है कि पहले पानी का बिल जीरो था, लेकिन बाद में साजिश कर के लोगों को हजारों रुपये के बिल भेजे गए। अब, जिनके पानी के बिल गलत आए हैं, उन्हें भुगतान करने की जरूरत नहीं होगी, और उन बिलों को माफ कर दिया जाएगा।
सीवर की गारंटी: केजरीवाल ने दावा किया कि जेल में रहने के दौरान कुछ स्थानों पर सीवर लाइनों में जानबूझकर सीमेंट और बोल्डर डाले गए थे, ताकि लोग उनसे नाराज हों। उन्होंने वादा किया कि जहां-जहां सीवर की समस्या है, उसे 15 दिनों के भीतर ठीक कर दिया जाएगा। इसके अलावा, अगले डेढ़ साल में सीवर लाइनों को पूरी तरह से बदल दिया जाएगा।
स्कॉलरशिप की गारंटी: केजरीवाल ने छात्रों के लिए डॉक्टर अंबेडकर स्कॉलरशिप योजना की घोषणा की, जिसके तहत विदेशों में पढ़ाई का खर्च दिल्ली सरकार उठाएगी। इसके साथ ही छात्रों को मुफ्त बस सेवा प्रदान की जाएगी और दिल्ली मेट्रो में 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
पुजारियों और ग्रंथियों को हर महीने 18,000 रुपये की गारंटी: दिल्ली के मंदिरों के पुजारियों और गुरुद्वारों के ग्रंथियों को हर महीने 18,000 रुपये का आर्थिक सहयोग दिया जाएगा, ताकि वे अपनी धार्मिक जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से निभा सकें।
बिजली और पानी के जीरो बिल की गारंटी: केजरीवाल ने वादा किया कि दिल्ली के नागरिकों को बिजली और पानी के बिल जीरो कर दिए गए हैं। हालांकि, कई किराएदारों को इसका फायदा नहीं मिल पा रहा था। अब ऐसा सिस्टम लागू किया जाएगा, जिससे उन्हें भी मुफ्त बिजली और पानी की सुविधा मिल सकेगी।
राशनकार्ड की गारंटी:
दिल्ली में गरीब परिवारों के लिए राशनकार्ड बनाने के लिए नए केंद्र खोले जाएंगे, जहां वे आसानी से अपना राशनकार्ड बनवा सकेंगे और सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे।
हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस की गारंटी: ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा चालकों की बेटियों की शादी पर 1 लाख रुपये का आर्थिक सहयोग दिया जाएगा। इसके अलावा, बच्चों को कोचिंग की सुविधा भी प्रदान की जाएगी, साथ ही उनके परिवारों के लिए 10 लाख रुपये का लाइफ इंश्योरेंस और 5 लाख रुपये का हेल्थ इंश्योरेंस भी उपलब्ध कराया जाएगा।
Read This Also:- Delhi Polls: 30% दिल्लीवासियों को पानी नहीं मिलेगा, केजरीवाल का बीजेपी पर गंभीर आरोप
Read This Also:- Delhi Polls: 30% दिल्लीवासियों को पानी नहीं मिलेगा, केजरीवाल का बीजेपी पर गंभीर आरोप





