Molitics Logo
होम Delhi Poll: राहुल गांधी की खराब सेहत के कारण लगातार दूसरी रैली रद्द, डॉक्टरों ने आराम करने की दी सलाह

Delhi Poll: राहुल गांधी की खराब सेहत के कारण लगातार दूसरी रैली रद्द, डॉक्टरों ने आराम करने की दी सलाह

लगातार दूसरे दिन राहुल गांधी की रैली रद्द हो गई। गुरुवार शाम को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को मुस्तफाबाद में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करना था,

Delhi Poll: राहुल गांधी की खराब सेहत के कारण लगातार दूसरी रैली रद्द, डॉक्टरों ने आराम करने की दी सलाह
फोटो: Rahul Gandhi, BJP
लगातार दूसरे दिन राहुल गांधी की रैली रद्द हो गई। गुरुवार शाम को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को मुस्तफाबाद में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करना था, लेकिन खराब सेहत के कारण वह इसमें भाग नहीं ले सके। इससे पहले, बुधवार को भी राहुल गांधी दिल्ली के सदर बाजार विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित जनसभा को संबोधित करने नहीं जा सके थे। पार्टी नेताओं के अनुसार, राहुल गांधी को डॉक्टरों ने आराम करने की सलाह दी, जिसके कारण उन्हें रैली में भाग नहीं लेने का फैसला करना पड़ा। 

 दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव, पवन खेड़ा और अन्य वरिष्ठ पार्टी नेताओं ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की, जिसमें उन्होंने दिल्ली सरकार और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर शराब घोटाले के आरोपों को लेकर हमला बोला। इस दौरान, देवेंद्र यादव ने जानकारी दी कि राहुल गांधी की तबीयत ठीक नहीं है और स्वास्थ्य कारणों से वह रैली में भाग नहीं ले पाएंगे। यादव ने कहा, "मुझे इस बात का बहुत दुख है कि राहुल गांधी, जो देशभर में दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों की आवाज माने जाते हैं, उन्हें इस समय डॉक्टर की सलाह पर आराम करना पड़ रहा है। उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है कि आज के कार्यक्रम में वह नहीं आ पाएंगे।"

 राहुल गांधी की अनुपस्थिति में, बुधवार को इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन के पास प्रस्तावित जनसभा को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव और पार्टी के अन्य नेताओं ने संबोधित किया। इस दौरान सदर बाजार से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अनिल भारद्वाज को उम्मीदवार घोषित किया गया है। यह जनसभा, राहुल गांधी के स्वास्थ्य कारणों से रद्द होने के बाद आयोजित की गई थी। रैली के आयोजकों ने राहुल गांधी के नाम का संदेश भी वहां उपस्थित लोगों को पढ़कर सुनाया।

 देवेंद्र यादव ने राहुल गांधी का संदेश पढ़ा, जिसमें उन्होंने कहा कि जब उनकी तबीयत ठीक हो जाएगी तो वह फिर से जनता से मिलेंगे और कांग्रेस के उम्मीदवारों के लिए वोट देने की अपील करेंगे। उन्होंने जनता से कांग्रेस पार्टी को समर्थन देने की भी अपील की। साथ ही, यादव ने कहा कि राहुल गांधी की उपस्थिति के बिना भी पार्टी का अभियान मजबूत तरीके से जारी रहेगा और हम जनता के बीच अपनी बात रखने में सफल होंगे। यह माना जा रहा है कि अगले दो दिनों में राहुल गांधी अपनी रैलियों में शामिल नहीं हो पाएंगे, क्योंकि डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है। कांग्रेस पार्टी अब अपनी जनसभाओं को अन्य नेताओं के जरिए जारी रखने की योजना बना रही है, जबकि राहुल गांधी जल्द ही अपनी सेहत में सुधार होने के बाद फिर से प्रचार में सक्रिय हो सकते हैं।

Read This Also:- Delhi Polls: इमरान प्रतापगढ़ी ने मुस्लिम समुदाय से कहा, 'केजरीवाल को सबक सिखाने का वक्त'