Molitics Logo
होम दिल्ली हाईकोर्ट ने जामिया छात्रों को दी राहत, निलंबन पर रोक लगाते हुए मांगी रिपोर्ट

दिल्ली हाईकोर्ट ने जामिया छात्रों को दी राहत, निलंबन पर रोक लगाते हुए मांगी रिपोर्ट

दिल्ली हाईकोर्ट ने जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के उन छात्रों के निलंबन पर रोक लगा दी है, जिन्हें परिसर में बिना पूर्व अनुमति के विरोध प्रदर्शन |

दिल्ली हाईकोर्ट ने जामिया छात्रों को दी राहत, निलंबन पर रोक लगाते हुए मांगी रिपोर्ट
फोटो: Delhi High Court
दिल्ली हाईकोर्ट ने जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के उन छात्रों के निलंबन पर रोक लगा दी है, जिन्हें परिसर में बिना पूर्व अनुमति के विरोध प्रदर्शन करने के कारण निलंबित कर दिया गया था। अदालत ने विश्वविद्यालय प्रशासन को निर्देश दिया है कि इस मुद्दे का समाधान कुलपति की निगरानी में किया जाए, जिसमें छात्र प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाए। न्यायमूर्ति दिनेश कुमार शर्मा की अध्यक्षता वाली पीठ ने विश्वविद्यालय से इस मामले पर एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।

छात्रों की याचिका पर हाईकोर्ट का फैसला


यह आदेश जामिया के चार छात्रों द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई के बाद आया, जिसमें उन्होंने विश्वविद्यालय प्रॉक्टर के निलंबन आदेश और कैंपस में उनके प्रवेश पर प्रतिबंध को चुनौती दी थी। छात्रों के वकील ने अदालत के समक्ष तर्क दिया कि वे शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे थे और उनके खिलाफ की गई कार्रवाई अनुचित थी। 

वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन का प्रतिनिधित्व कर रहे अधिवक्ता अमित साहनी और किस्ले मिश्रा ने अदालत में दलील दी कि छात्रों ने विरोध प्रदर्शन के लिए प्रशासन से कोई पूर्व अनुमति नहीं ली थी। इसके अलावा, प्रशासन ने यह भी दावा किया कि प्रदर्शनकारियों ने परिसर की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और अनुशासनहीनता की। वकीलों ने यह भी बताया कि छात्र कैंटीन के बाहर सो रहे थे, जिसकी इजाजत नहीं थी।

हिरासत और विरोध का विस्तार


इससे पहले, फरवरी में जामिया परिसर में विरोध प्रदर्शन कर रहे कुछ छात्रों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। प्रदर्शनकारियों का दावा था कि हिरासत के बाद कुछ छात्र घंटों तक लापता रहे, जिससे विरोध और तेज हो गया। हालांकि, लगभग 12 घंटे बाद सभी छात्रों को रिहा कर दिया गया। हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच विवाद को हल करने की उम्मीद जताई जा रही है।

Read This Also:- ओलंपियन सुशील कुमार को जमानत, सागर धनखड़ हत्याकांड में कोर्ट का बड़ा फैसला