Molitics Logo
होम Delhi: नजफगढ़ का नाम बदलकर नाहरगढ़ करने की मांग, बीजेपी विधायक ने विधानसभा में प्रस्ताव रखा

Delhi: नजफगढ़ का नाम बदलकर नाहरगढ़ करने की मांग, बीजेपी विधायक ने विधानसभा में प्रस्ताव रखा

नजफगढ़ से भाजपा विधायक नीलम पहलवान ने सदन में नजफगढ़ का नाम बदलने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने दावा किया कि ऐतिहासिक रूप से इस क्षेत्र का नाम नाहरगढ़ था, जिसे मुगल शासक औरंगजेब ने बदलकर नजफगढ़ कर दिया था।

Delhi: नजफगढ़ का नाम बदलकर नाहरगढ़ करने की मांग, बीजेपी विधायक ने विधानसभा में प्रस्ताव रखा
फोटो: Delhi: नजफगढ़ का नाम बदलकर नाहरगढ़ करने की मांग, बीजेपी विधायक ने विधानसभा में प्रस्ताव रखा
दिल्ली विधानसभा के मौजूदा सत्र का आज तीसरा दिन है। विपक्ष के 21 विधायकों के निलंबन के बाद सदन में केवल सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक ही मौजूद हैं। सत्र की कार्यवाही शुरू होते ही विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने महाकुंभ के सफल आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। इसके बाद विभिन्न विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को सदन में उठाना शुरू किया।

नजफगढ़ का नाम बदलकर 'नाहरगढ़' करने की मांग

नजफगढ़ से भाजपा विधायक नीलम पहलवान ने सदन में नजफगढ़ का नाम बदलने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने दावा किया कि ऐतिहासिक रूप से इस क्षेत्र का नाम नाहरगढ़ था, जिसे मुगल शासक औरंगजेब ने बदलकर नजफगढ़ कर दिया था। नीलम पहलवान ने कहा, "1857 की क्रांति में राजा नाहर सिंह ने इस क्षेत्र को दिल्ली प्रांत में शामिल करवाने के लिए संघर्ष किया था। कई आधिकारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बावजूद अब तक नजफगढ़ का नाम नहीं बदला गया है। हमने पहले भी इस मुद्दे को उठाया था, जब सांसद प्रवेश वर्मा थे, तब भी हमने इसे बदलने के लिए प्रयास किए थे। अब मैं पुनः आग्रह कर रही हूँ कि नजफगढ़ का नाम बदलकर नाहरगढ़ रखा जाए।"

बीजेपी विधायक अभय वर्मा और अजय महावर ने अपने क्षेत्रों में सफाई और सीवर से जुड़ी गंभीर समस्याओं का मुद्दा उठाया। अभय वर्मा ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई लोग टूटा हुआ मलबा और कूड़ा सड़कों पर डाल देते हैं, जिससे PWD की सड़कें प्रभावित होती हैं। उन्होंने मांग की कि PWD रोड से कूड़ा हटाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। अजय महावर ने भी अपनी विधानसभा में बंद पड़े सीवर और गंदे पानी के सड़कों पर बहने की समस्या पर नाराजगी जताई।

सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग

विश्वास नगर से भाजपा विधायक ओ. पी. शर्मा ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने उनके क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए थे, जबकि अन्य विधानसभाओं में यह सुविधा दी गई थी। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और विधायक अभय वर्मा ने भी इस मुद्दे को उठाया और पूछा कि जब दिल्ली के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 2,000 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने थे, तो कुछ इलाकों को इससे क्यों वंचित रखा गया? इस पर PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने जवाब देते हुए कहा कि वे मामले की जांच करवाएंगे और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जल्द ही उन सभी विधानसभाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिन्हें पहले इसका लाभ नहीं मिला था।