जारी रहेंगी फ़्री योजना
बीजेपी नेता और सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने सोमवार को एक प्रेस वार्ता में घोषणा की कि बीजेपी की सरकार बनने पर मुफ्त बिजली, पानी और महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा जैसी योजनाएं जारी रहेंगी। उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी गुरुवार से दिल्लीवासियों से घोषणा पत्र के लिए सुझाव लेना शुरू करेगी।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी के नेता भ्रामक प्रचार कर रहे हैं कि बीजेपी सत्ता में आने पर मुफ्त योजनाओं को बंद कर देगी। उनका कहना है कि बीजेपी न केवल इन योजनाओं को जारी रखेगी, बल्कि इनकी कमियों को भी दूर करेगी।
AAP ने बीजेपी को घेरा
बीजेपी के इस वादे पर आम आदमी पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे महज जुमला करार दिया है। आप की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि दिल्ली की जनता बीजेपी के इस जुमले में नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी शासित राज्यों में 8 घंटे तक बिजली कटौती होती है। उनका आरोप है कि यदि बीजेपी दिल्ली में सत्ता में आई, तो सभी डिस्कॉम अडानी को बेच देगी और महंगी बिजली से आम जनता पर बोझ डालेगी।





