141 उम्मीदवारों पर गंभीर आपराधिक मामले
एडीआर और नेशनल इलेक्शन वॉच ने लोकसभा चुनाव में छठे चरण में 8 राज्यों की 58 सीटों पर चुनाव लड़ रहे 866 उम्मीदवारों के शपथ पत्रों का विश्लेषण किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 141 यानी 16 फीसदी उम्मीदवारों ने अपने ऊपर गंभीर आपराधिक मामले घोषित किए है। वहीं 12 उम्मीदवारों ने बताया है कि उन्हें किसी न किसी मामले में दोषी ठहराया गया है। 21 प्रत्याशियों पर आईपीसी की धारा 307 यानी हत्या की कोशिश और छह प्रत्याशियों पर धारा 302 यानी हत्या के मामले में केस दर्ज है। 24 उम्मीदवारों पर महिलाओं के खिलाफ अपराध से जुड़े मामले दर्ज हैं। इसके अलावा, भड़काऊ भाषण से जुड़े मामले घोषित करने वाले कुल 16 उम्मीदवार हैं।
किस पार्टी पर कितने आपराधिक मामले
रिपोर्ट के अनुसार छठे चरण में बीजेपी के 51 में से 28 यानी 55 फीसदी उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज है। कांग्रेस के 25 में से आठ यानी 32 फीसदी उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज है। आम आदमी पार्टी के पांच में से पांच, समाजवादी पार्टी के 12 उम्मीदवारों में से 9 यानी 75 फीसदी पर आपराधिक मामले है। वहीं बीजू जनता दल के छह में से 2 , आरजेडी के चार में से चार और तृणमूल कांग्रेस के नौ में से चार उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज है।
कौन कितना अमीर
एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार छठे चरण में 866 में से 338 यानी 39 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं। बीजेपी के 51 में से 48 यानी 94 फीसदी और कांग्रेस के 25 में से 20 यानी 92 फीसदी प्रत्याशी करोड़पति है। वहीं समाजवादी पार्टी के बारह में से ग्यारह, तृणमूल कांग्रेस के नौ में से सात, आरजेडी और जदयू के चार में से चार, आम आदमी पार्टी के पांच में से चार और बीजू जनता दल के सभी उम्मीदवारों करोड़पति हैं। लोकसभा चुनाव के छठे चरण में उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 6.21 करोड़ रुपये है।
हरियाणा की कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से बीजेपी के नवीन जिंदल 1,241 करोड़ रुपए की कुल संपत्ति के साथ सबसे अमीर उम्मीदवार है। दूसरे स्थान पर ओडिशा के कटक से बीजू जनता दल के संतृप्त मिश्र के पास 482 करोड़ रुपए की कुल संपत्ति है। तीसरे स्थान पर हरियाणा के कुरुक्षेत्र से आम आदमी पार्टी के डॉ सुशील गुप्ता के पास 169 करोड़ रुपए की कुल संपत्ति है। छठे चरण में सबसे कम संपत्ति वाले उम्मीदवार हरियाणा की रोहतक सीट से निर्दलीय उम्मीदवार मास्टर रणधीर सिंह है, जिनके पास मात्र दो रुपए की कुल संपत्ति है।





