विवाद की शुरुआत उस वक्त हुई जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक कार्यक्रम में कहा था, "कांग्रेस के लिए देश पहले है, लेकिन कुछ लोगों के लिए मोदी पहले हैं।" इसके कुछ ही देर बाद शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक उड़ते हुए परिंदे की तस्वीर साझा करते हुए लिखा था, "उड़ने की इजाजत मत मांगो। पंख तुम्हारे हैं, और आसमान किसी का नहीं।" इस पोस्ट को खड़गे के बयान का परोक्ष जवाब माना गया।
थरूर हाल ही में अपने एक लेख में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते नजर आए, जिसमें उन्होंने मोदी को भारत के लिए एक महत्त्वपूर्ण संपत्ति बताया। उन्होंने पीएम की ऊर्जा, गतिशीलता और संवाद की इच्छा की सराहना की, जिससे पार्टी के भीतर और बाहर उनके बीजेपी में शामिल होने की अटकलें तेज हो गईं। हालांकि, थरूर ने इन अटकलों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि उनके बयान “राष्ट्रीय हित” और “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता से जुड़े थे, न कि किसी राजनीतिक संकेत से।
थरूर को ऑपरेशन सिंदूर के समर्थन में बनाए गए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सौंपा गया था। लेकिन उन्होंने इस दौरान यूपीए सरकार के कार्यकाल की सर्जिकल स्ट्राइक की तुलना में मोदी सरकार की कार्रवाई को ज्यादा प्रभावी बताया, जिससे कांग्रेस के भीतर नाराजगी और असहजता पैदा हुई। आलोचनाओं के जवाब में थरूर ने कहा कि उनके बयान को “ट्रोल्स और आलोचकों ने तोड़-मरोड़ कर पेश किया है” और उन्होंने “बनावटी गुस्से” पर समय न बर्बाद करने की बात कही।





