Molitics Logo
होम एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी भारी पड़ी, कुणाल कामरा के खिलाफ मुंबई में तीन मामले दर्ज

एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी भारी पड़ी, कुणाल कामरा के खिलाफ मुंबई में तीन मामले दर्ज

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर कथित विवादास्पद टिप्पणी को लेकर स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ खार पुलिस स्टेशन में तीन अलग-अलग एफआईआ |

एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी भारी पड़ी, कुणाल कामरा के खिलाफ मुंबई में तीन मामले दर्ज
फोटो: एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी भारी पड़ी, कुणाल कामरा के खिलाफ मुंबई में तीन मामले दर्ज
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर कथित विवादास्पद टिप्पणी को लेकर स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ खार पुलिस स्टेशन में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। मुंबई पुलिस के अनुसार, इनमें से एक शिकायत जलगांव के मेयर ने दर्ज कराई है, जबकि अन्य दो शिकायतें नासिक और एक होटल व्यवसायी की ओर से आई हैं। खार पुलिस ने कामरा को दो बार पूछताछ के लिए समन भेजा, लेकिन वह अब तक जांच के लिए पेश नहीं हुए हैं। इससे पहले, मद्रास उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को उन्हें अंतरिम अग्रिम जमानत प्रदान की थी। न्यायमूर्ति सुंदर मोहन ने 7 अप्रैल तक सशर्त जमानत दी। कामरा ने शिवसेना विधायक मुरजी पटेल द्वारा दर्ज कराए गए मामले में ट्रांजिट अग्रिम जमानत के लिए मद्रास हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।

मीडिया पर तीखा हमला, ‘मुखपत्र’ बताया


इस विवाद के बीच, कुणाल कामरा ने मुख्यधारा के मीडिया पर तीखा हमला करते हुए उसे सत्ताधारी दल का "प्रचार तंत्र" बताया। उन्होंने मीडिया को ‘गिद्ध’ करार दिया और उस पर गलत सूचना फैलाने और जरूरी मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। कामरा ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, "इस समय मुख्यधारा का मीडिया सत्ताधारी पार्टी की गलत संचार शाखा के अलावा और कुछ नहीं है। वे गिद्ध हैं जो ऐसे मुद्दों पर रिपोर्ट करते हैं, जो इस देश के लोगों के लिए कोई मायने नहीं रखते। यदि वे सभी कल से अनंत काल तक अपनी दुकानें बंद कर दें तो वे देश, इसके लोगों और अपने बच्चों पर एहसान करेंगे।"

कामरा ने एक स्टैंड-अप शो के दौरान एकनाथ शिंदे पर कथित रूप से ‘गद्दार’ (देशद्रोही) शब्द का इस्तेमाल किया था, जिससे राजनीतिक हलकों में हंगामा मच गया। कई नेताओं ने उनकी टिप्पणी की आलोचना करते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस विवाद के बाद, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना की युवा शाखा ‘युवा सेना’ के कार्यकर्ताओं ने मुंबई के हैबिटेट कॉमेडी क्लब में तोड़फोड़ की, जहां शो फिल्माया गया था।

हालांकि, कुणाल कामरा ने शिंदे पर की गई टिप्पणी के लिए माफी मांगने से इनकार कर दिया है, लेकिन उन्होंने कहा कि वह पुलिस जांच में सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा, "मनोरंजन स्थल केवल एक मंच है, जहां सभी प्रकार के शो होते हैं। हैबिटेट (या कोई अन्य स्थल) मेरी कॉमेडी के लिए जिम्मेदार नहीं है, न ही उसका इस बात पर कोई नियंत्रण है कि मैं क्या कहता हूं। स्थल पर हमला करना उतना ही मूर्खतापूर्ण है, जितना कि टमाटर से भरी ट्रक को पलटना, क्योंकि आपको परोसा गया बटर चिकन पसंद नहीं आया।"

Read This Also:- संजय राउत बोले – कंगना को मिली थी सुरक्षा, कुणाल कामरा को क्यों नहीं?