Molitics Logo
होम महाकुंभ में अव्यवस्था पर सीएम योगी की सख्त कार्रवाई, दो अधिकारियों पर गिरी गाज

महाकुंभ में अव्यवस्था पर सीएम योगी की सख्त कार्रवाई, दो अधिकारियों पर गिरी गाज

मीटिंग के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों की कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने दो टूक कहा कि जिस दिन भगदड़ की घटना हुई, उसी दिन से जाम की स्थिति |

महाकुंभ में अव्यवस्था पर सीएम योगी की सख्त कार्रवाई, दो अधिकारियों पर गिरी गाज
फोटो: Yogi, Mahakumbh
उत्तर प्रदेश के महाकुंभ में इस समय जबरदस्त जाम की स्थिति बनी हुई है। हजारों लोग घंटों से सड़कों पर फंसे हुए हैं, जबकि प्रशासनिक अमला ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने में जुटा हुआ है। बावजूद इसके हालात में कोई खास सुधार देखने को नहीं मिल रहा। हालात की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार रात एक हाई-लेवल मीटिंग बुलाई, जिसमें तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।

सीएम योगी की सख्त चेतावनी: लापरवाही बर्दाश्त नहीं


मीटिंग के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों की कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने दो टूक कहा कि जिस दिन भगदड़ की घटना हुई, उसी दिन से जाम की स्थिति बिगड़ने लगी, लेकिन कई वरिष्ठ अधिकारी मौके से नदारद रहे। समय रहते स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे हालात और बिगड़ गए। मुख्यमंत्री ने इस पूरी अव्यवस्था के लिए खासतौर पर प्रयागराज जोन के एडीजी भानु भास्कर और एडीजी ट्रैफिक सत्यनारायण को आड़े हाथों लिया। इन दोनों अधिकारियों पर महाकुंभ की जिम्मेदारी थी, लेकिन ट्रैफिक प्रबंधन पूरी तरह विफल साबित हुआ। इसके चलते सीएम योगी ने दोनों अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सस्पेंशन की कार्रवाई की जा सकती है।

मेला क्षेत्र में वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं चलेगा


सीएम योगी ने सख्त लहजे में यह भी स्पष्ट कर दिया कि महाकुंभ में किसी भी तरह का वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में आम श्रद्धालुओं को प्राथमिकता दी जाए और ट्रैफिक व्यवस्था को तुरंत प्रभाव से सुधारा जाए। सीएम की नाराजगी का असर यह हुआ कि अब प्रशासनिक अमला और ज्यादा मुस्तैद हो गया है और अधिकारी खुद सड़कों पर उतरकर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की कोशिश कर रहे हैं।

अखिलेश यादव पर पलटवार


सीएम योगी ने विपक्ष को भी निशाने पर लिया और कहा कि जो लोग अपने पूरे जीवन भर वीआईपी ट्रीटमेंट लेते रहे हैं, वे ही अब महाकुंभ को लेकर नकारात्मकता फैला रहे हैं। दरअसल, सपा प्रमुख अखिलेश यादव पिछले कुछ दिनों से महाकुंभ की अव्यवस्थाओं को लेकर सरकार पर हमलावर हैं। उनका आरोप है कि योगी सरकार ने प्रचार पर ज्यादा ध्यान दिया, जबकि व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर उतनी गंभीरता नहीं दिखाई।

Read This Also:- सीएम योगी का तंज – कुंभ पर सवाल उठाने वाले अब चुपचाप डुबकी लगा रहे