भाजपा की सरकार आतंकवादियों की सरकार है
बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की प्रमुख मायावती के भतीजे आकाश आनंद और चार अन्य लोगों के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल करने को लेकर केस दर्ज़ किया गया है। सीतापुर की चुनावी रैली में आकाश आनंद ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार की तुलना तालिबान से की थी। आकाश ने भाजपा की सरकार को बुलडोज़र और देशद्रोहियों की सरकार कहा था। उन्होंने कहा कि जो पार्टी अपने युवाओं को भूखा छोड़ती है और अपने बुजुर्गों को ग़ुलाम बनाती है, वो सरकार आतंकवादियों की सरकार है, अफ़ग़ानिस्तान में भी तालिबान ऐसे ही सरकार चलाता है।
आकाश आनंद ने अपने भाषण के दौरान उत्तर प्रदेश में सुरक्षा को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। आकाश ने कहा कि उत्तर प्रदेश क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट साफ़ बताती है कि भाजपा सरकार महिलाओं और बच्चों को सुरक्षा देने में विफ़ल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा चोरों की पार्टी है, जिसने इलेक्टोरल बॉन्ड के ज़रिये 16000 करोड़ रूपये हड़प लिए हैं।
आकाश आनंद पर कौन-सी धाराएं लगीं?
पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा ने मीडिया को बताया है कि आकाश, बीएसपी उम्मीदवार महेंद्र यादव, श्याम अवस्थी, अक्षय कालरा और रैली के आयोजक विकास राजवंशी के ख़िलाफ़ मामला दर्ज़ किया गया है। सभी लोगों पर धारा 171-C चुनावों पर अनुचित प्रभाव, 153-B राष्ट्रीय एकीकरण के लिए हानिकारक आरोप और दावे, 188 लोकसेवक द्वारा विधिवत आदेश का पालन न करना, जनप्रतिनिधि अधिनियम की धारा 125(चुनाव के दौरान दुश्मनी को बढ़ावा देना), के तहत मामला दर्ज़ किया गया है।
पुलिस ने कहा यदि चुनाव के दौरान कोई भी ऐसा भाषण दिया जाता है जिसमें हिंसा भड़काने वाली ग़लत भाषा का इस्तेमाल किया जाता है, वह आचार संहिता के उल्लंघन के दायरे में आयेगा। भाजपा ने आकाश आनंद की टिप्पणी पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘उन्हें महंगा पडेगा।’





