BJP सरकार में प्रवेश वर्मा को मिली अहम जिम्मेदारी
दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार में प्रवेश वर्मा को लोक निर्माण विभाग (PWD) का मंत्रालय सौंपा गया है। इससे पहले वे पश्चिमी दिल्ली से दो बार सांसद रह चुके हैं। दिल्ली विधानसभा चुनावों में उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली सीट पर बड़े अंतर से हराया था। चुनाव परिणामों के बाद अटकलें लगाई जा रही थीं कि प्रवेश वर्मा को दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है, लेकिन पार्टी हाईकमान ने रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी।
शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. साहिब सिंह वर्मा की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रवेश वर्मा ने अपने पिता की स्मृति में हवन और प्रार्थना सभा का आयोजन किया, जिसमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित कई कैबिनेट मंत्री और विधायक शामिल हुए।
रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर लिखा, "दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय डॉ. साहिब सिंह वर्मा जी की जन्म जयंती पर उनके समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके समर्पण और सेवाभाव से हम सभी प्रेरित हैं। उनके आदर्शों पर चलते हुए हम दिल्ली के विकास और जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हैं।"
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि उन्हें बचपन से ही साहिब सिंह वर्मा का आशीर्वाद मिलता रहा है। उन्होंने बताया कि साहिब सिंह वर्मा भी शालीमार बाग से जीतकर मुख्यमंत्री बने थे और उनकी मेहनत की चर्चा आज भी होती है।
"मेरा सौभाग्य है कि मैं, रचना और प्रवेश एक ही स्कूल में पढ़े। पार्षद से लेकर मुख्यमंत्री तक का सफर हमने करीब से देखा है और मैं भी उनके जैसा बनना चाहती हूं।" मुख्यमंत्री गुप्ता ने प्रवेश वर्मा को अपना छोटा भाई बताते हुए कहा कि दोनों मिलकर दिल्ली के विकास के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि "बेटी मुख्यमंत्री बनी और बेटा मंत्री, ऐसा भी हो सकता था कि प्रवेश मुख्यमंत्री होते, लेकिन घर में भी बड़ी बेटी को चीजें सौंप दी जाती हैं।"
इस मौके पर मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि समाधि स्थल पर जल्द ही कुछ बड़े विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दिल्ली के कुछ क्षेत्रों में अब भी जल संकट बना हुआ है और जल्द ही नई पाइपलाइन और जल आपूर्ति योजनाओं को लागू किया जाएगा।
"यहां 34 झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र ऐसे हैं, जहां पीने के पानी की भारी समस्या है। अगले 6 से 8 महीनों में 9,000 नए जल कनेक्शन लगाए जाएंगे, जिससे 4,700 से अधिक लोगों को स्वच्छ पानी मिल सकेगा।"
Read This Also:- "मुंगेर में पुलिस वाहन पलटने के बाद डिप्टी CM विजय सिन्हा का बयान – 'जरूरत पड़े तो करें एनकाउंटर'"
Read This Also:- "मुंगेर में पुलिस वाहन पलटने के बाद डिप्टी CM विजय सिन्हा का बयान – 'जरूरत पड़े तो करें एनकाउंटर'"





