Molitics Logo
होम 'टूटी सीटें, लचर सेवा' – BJP प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने एयर इंडिया को बताया सबसे खराब एयरलाइन

'टूटी सीटें, लचर सेवा' – BJP प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने एयर इंडिया को बताया सबसे खराब एयरलाइन

जयवीर शेरगिल ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "यदि सबसे खराब एयरलाइनों के लिए ऑस्कर जैसी कोई श्रेणी होती, तो एयर इंडिया |

'टूटी सीटें, लचर सेवा' – BJP प्रवक्ता जयवीर  शेरगिल ने एयर इंडिया को बताया सबसे खराब एयरलाइन
फोटो: Jaiveer Shergill,
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने एयर इंडिया की अव्यवस्थाओं पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने एयरलाइन को अब तक की सबसे खराब एयरलाइन बताते हुए कहा कि अगर खराब सेवाओं के लिए कोई पुरस्कार होता, तो एयर इंडिया हर श्रेणी में विजेता होती। जयवीर शेरगिल ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "यदि सबसे खराब एयरलाइनों के लिए ऑस्कर जैसी कोई श्रेणी होती, तो एयर इंडिया निश्चित रूप से सभी पुरस्कार जीतती।  टूटी हुई सीटें, सबसे खराब कर्मचारी, दयनीय 'ऑन-ग्राउंड' सपोर्ट स्टाफ़, और ग्राहक सेवा के प्रति लापरवाह रवैया—एयर इंडिया में यात्रा करना कभी भी सुखद अनुभव नहीं रहा, लेकिन इस बार इसने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए!" शेरगिल की तीखी आलोचना पर एयर इंडिया ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और असुविधा के लिए खेद प्रकट किया। एयरलाइन ने उनके पोस्ट का जवाब देते हुए कहा, "प्रिय शेरगिल, हुई असुविधा के लिए हमें खेद है। कृपया अपनी यात्रा का विवरण डीएम के माध्यम से साझा करें। हम आपसे जल्द ही संपर्क करेंगे।"

शिवराज सिंह चौहान भी हुए थे एयर इंडिया की लचर व्यवस्था का शिकार


इससे पहले, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी एयर इंडिया की खराब सेवाओं की आलोचना की थी। शनिवार को उन्होंने X पर एक पोस्ट करते हुए बताया कि उन्हें एयर इंडिया की फ्लाइट में टूटी और धंसी हुई सीट आवंटित की गई थी, जिससे यात्रा अत्यंत असुविधाजनक हो गई। चौहान ने एयर इंडिया को कड़ी फटकार लगाते हुए लिखा, "यात्रियों से पूरा पैसा वसूलने के बावजूद उन्हें खराब और असुविधाजनक सीटों पर बैठाना पूरी तरह से अनैतिक है।" 

शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि वह भोपाल से दिल्ली की उड़ान (AI 436) में सवार थे, जहां उन्हें सीट नंबर 8C आवंटित की गई थी। लेकिन जब उन्होंने सीट पर बैठने की कोशिश की, तो वह टूटी हुई थी और अंदर धंसी हुई थी, जिससे बैठना बेहद कष्टदायक हो गया। उन्होंने आगे बताया, "जब मैंने विमानकर्मियों से पूछा कि खराब सीट को यात्रियों को क्यों आवंटित किया जा रहा है, तो उन्होंने कहा कि प्रबंधन को पहले ही इस बारे में सूचित किया जा चुका था कि यह सीट ठीक नहीं है और इसे नहीं बेचना चाहिए। लेकिन इसके बावजूद इसे यात्रियों के लिए उपलब्ध रखा गया।" शिवराज सिंह चौहान ने एयर इंडिया प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा, "मुझे खुद के कष्ट की परवाह नहीं, लेकिन यात्रियों से पूरा किराया लेने के बाद उन्हें खराब सीट देना क्या उनके साथ धोखा नहीं है? क्या एयर इंडिया प्रबंधन इस समस्या को हल करने के लिए कोई ठोस कदम उठाएगा, या यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाता रहेगा?"

टाटा समूह द्वारा एयर इंडिया का अधिग्रहण किए जाने के बाद यात्रियों को उम्मीद थी कि इसकी सेवाओं में सुधार होगा, लेकिन लगातार मिल रही शिकायतों ने इस पर सवालिया निशान लगा दिया है। जयदीप शेरगिल और शिवराज सिंह चौहान जैसे बड़े नेताओं की नाराजगी ने एयर इंडिया की सेवाओं की गुणवत्ता पर गंभीर बहस छेड़ दी है। अब देखना यह होगा कि एयर इंडिया अपने यात्रियों को बेहतर अनुभव देने के लिए क्या कदम उठाती है।

Read This Also:- 2024 में भारत में सबसे ज्यादा इंटरनेट शटडाउन, लोकतंत्र में डिजिटल प्रतिबंधों की बढ़ती प्रवृत्ति