पहले भी मिल चुकी है बम से उड़ाने की धमकी
सोमवार को भी राजधानी के तीन स्कूलों सीआरपीएफ के दो स्कूल और चाणक्यपुरी का नेवी चिल्ड्रन स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। ईमेल के माध्यम से आई इन धमकियों के बाद एहतियातन सभी स्कूलों को खाली करवा लिया गया था। पुलिस की जांच के बाद यह सभी धमकियां फर्जी पाई गईं, लेकिन इससे अभिभावकों और स्थानीय लोगों में चिंता फैल गई।
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि सोमवार को द्वारका (उत्तर) थाने को एक पीसीआर कॉल के ज़रिए सूचना मिली थी कि सीआरपीएफ स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। तुरंत बम स्क्वॉड और डॉग यूनिट को मौके पर भेजा गया, लेकिन तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। इसी तरह रोहिणी के डीसीपी राजीव रंजन ने बताया कि प्रशांत विहार स्थित स्कूल की तलाशी के दौरान भी कोई खतरा नहीं पाया गया और इसे महज़ अफवाह करार दिया गया।
साइबर सेल कर रहा मदद
दिल्ली पुलिस ने पुष्टि की है कि वह धमकी भरे ईमेल की जांच के लिए साइबर सेल की सहायता ले रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मेल किस लोकेशन और किस सर्वर से भेजा गया था। अधिकारियों का कहना है कि पिछले साल दिसंबर 2024 में भी राजधानी के कई स्कूलों को इस तरह की धमकियां मिली थीं, जो बाद में फर्जी साबित हुईं।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, अफरातफरी न फैलाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी स्कूलों और कॉलेजों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।





