Molitics Logo
होम Bitcoin विवाद : अजित बोले- ऑडियो क्लिप में बहन की आवाज, सुप्रिया ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

Bitcoin विवाद : अजित बोले- ऑडियो क्लिप में बहन की आवाज, सुप्रिया ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

सुप्रिया ने एक्स पर लिखा कि मतदान से एक रात पहले, मतदाताओं को गुमराह करने के लिए झूठी खबर फैलाने के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। हमने बिटकॉइन के दुरुपयोग के झूठे आरोपों के खिलाफ चुनाव आयोग और साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराई है।

Bitcoin विवाद : अजित बोले- ऑडियो क्लिप में बहन की आवाज, सुप्रिया ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
फोटो: Bitcoin विवाद : अजित बोले- ऑडियो क्लिप में बहन की आवाज, सुप्रिया ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को मतदान हुआ। लेकिन वोटिंग से एक दिन पहले NCP(SP) की नेता सुप्रिया सुले पर बड़ा आरोप लगाया गया। मंगलवार देर शाम बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने सुप्रिया सुले और महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले से बिटकॉइन घोटाला से जुड़े सवाल पूछे। दरअसल, मंगलवार को एक पूर्व IPS अधिकारी रवींद्र नाथ पाटिल ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बिटकॉइन घोटाले का पैसा इस्तेमाल हो रहा है। इस मामले को लेकर अब महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। अजित पवार ने बुधवार को मतदान केंद्र के बाहर कहा, “ऑडियो क्लिप में जो टोन है, उससे मैं आवाजों को पहचान सकता हूं। उनमें से एक मेरी बहन की है और दूसरी वह है जिसके साथ मैंने काफी काम किया है। जांच की जाएगी और सच्चाई सामने आएगी।”

बीजेपी के सुप्रिया सुले और कांग्रेस से पूछे पांच सवाल

पूर्व IPS द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद बीजेपी ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने डीलर, अमिताभ गुप्ता, सुप्रिया सुले, नाना पटोले की बातचीत का ऑडियो शेयर किया। उन्होंने पूछा कि डीलर जिनकी बात कर रहा है, वे बड़े लोग कौन हैं? इसके बाद उन्होंने सुप्रिया सुले और कांग्रेस से पांच सवाल किए। पहला, क्या आपने बिटकॉइन में कारोबार किया है? दूसरा, क्या डीलर ने गौरव मेहता और अमिताभ गुप्ता से संपर्क किया है? तीसरा, क्या यह व्हाट्सएप चैट आपकी है? चौथा, अगर यह चैट आपकी है तो आप किसके बारे में बात कर रहे हैं। और पांचवा, क्या इन कॉल रिकॉर्डिंग्स में आवाजें आपकी हैं?

सुप्रिया सुले ने आरोपों को किया खारिज

पूर्व IPS और बीजेपी द्वारा लगाए गए आरोपों को सुप्रिया सुले ने बेबुनियाद बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सुधांशु त्रिवेदी जो आरोप लगा रहे हैं। वो सभी बेबुनियाद हैं। बीजेपी को घेरते हुए उन्होंने कहा कि वह आश्चर्यचकित नहीं हैं, क्योंकि बीजेपी ऐसे आरोप हमेशा मतदान की पूर्व संध्या पर ही लगाती है। हमेशा इस तरह की गलत सूचनाएं फैलाने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि हम इन आरोपों के खिलाफ मामला दर्ज कराएंगे। मेरे वकील उनके खिलाफ आपराधिक और दीवानी मानहानि का मामला दायर करेंगे।

सुप्रिया ने एक्स पर लिखा कि मतदान से एक रात पहले, मतदाताओं को गुमराह करने के लिए झूठी खबर फैलाने के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। हमने बिटकॉइन के दुरुपयोग के झूठे आरोपों के खिलाफ चुनाव आयोग और साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराई है। इस तरह के आरोपों से उनकी पीछे की मंशा पूरी तरह समझ आ रही है। यह बहुत निंदनीय है कि लोकतंत्र में ऐसी चीज हो रही है।