Molitics Logo
होम Bihar Polls: महिला सशक्तिकरण या चुनावी रणनीति? तेजस्वी यादव का बड़ा ऐलान

Bihar Polls: महिला सशक्तिकरण या चुनावी रणनीति? तेजस्वी यादव का बड़ा ऐलान

तेजस्वी यादव इससे पहले भी कई मौकों पर इस योजना का ऐलान कर चुके हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘महिला संवाद यात्रा’ शुरू होने से ठीक एक दिन पहले, तेजस्वी ने MBMY का अनावरण किया था।

Bihar Polls: महिला सशक्तिकरण या चुनावी रणनीति? तेजस्वी यादव का बड़ा ऐलान
फोटो: Nitish kumar, Tejashwi yadav, JDU, BJP, RJD
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने एक बार फिर ‘माई बहिन मान योजना’ (MBMY) का जिक्र कर महिला मतदाताओं को साधने की कोशिश की है। नवादा में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने घोषणा की कि यदि राज्य में उनकी सरकार बनी, तो इस योजना को तत्काल लागू किया जाएगा। तेजस्वी यादव ने अपने X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "हमारी सरकार बनने पर ‘माई बहिन मान योजना’ लागू करेंगे, जिसके तहत राज्य की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। इससे नए बिहार का सपना साकार होगा और ‘समृद्ध महिला, सुखी महिला’ की परिकल्पना भी पूरी होगी।"

पहले भी कर चुके हैं घोषणा


तेजस्वी यादव इससे पहले भी कई मौकों पर इस योजना का ऐलान कर चुके हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘महिला संवाद यात्रा’ शुरू होने से ठीक एक दिन पहले, तेजस्वी ने MBMY का अनावरण किया था। इस योजना के तहत राज्य की आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग की महिलाओं के बैंक खातों में प्रतिमाह 2500 रुपये ट्रांसफर करने का वादा किया गया है। तेजस्वी का कहना है कि यह योजना महिलाओं को सशक्त बनाने के उनके दृष्टिकोण का हिस्सा है और इसका उद्देश्य बिहार में हर घर में खुशहाली और सुरक्षा लाना है। 

दरभंगा में पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान उन्होंने मीडिया से कहा था, "मैं मिथिला की धरती दरभंगा से ‘माई बहिन मान योजना’ की घोषणा कर रहा हूं। यदि हमारी सरकार बनी, तो हम राज्य की गरीब महिलाओं और वंचित वर्गों को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता देंगे।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह योजना उनकी सरकार बनने के एक महीने के भीतर लागू कर दी जाएगी।

चुनावी रणनीति का हिस्सा?


दिलचस्प बात यह है कि तेजस्वी की यह योजना उन कल्याणकारी योजनाओं की सूची में शामिल हो गई है, जिन्हें विभिन्न राज्यों में चुनावों से पहले शुरू किया गया है। इनमें मध्य प्रदेश की ‘लाड़ली बहना योजना’, महाराष्ट्र की ‘लाड़ली बहिन योजना’ और झारखंड की ‘मैया सम्मान योजना’ शामिल हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि MBMY की घोषणा करके तेजस्वी ने राज्य विधानसभा चुनावों से लगभग 10 महीने पहले ही अपनी पार्टी और महागठबंधन सहयोगियों को चुनावी मोड में डाल दिया है। तेजस्वी ने बिहार की महिलाओं से इस योजना के समर्थन की अपील करते हुए कहा, "मैं अपनी सभी माताओं और बहनों से अनुरोध करता हूं कि वे आगे आएं, अपने तेजस्वी को आशीर्वाद दें और यह सुनिश्चित करें कि यह योजना लागू हो। आपके संघर्ष हमारे अपने हैं।" उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी योजना "वैज्ञानिक रूप से शोध की गई है और पूरी तरह व्यवहार्य है।"

Read This Also:- बिहार में NDA की मुश्किलें बढ़ीं, BJP की सहयोगी ने गठबंधन पर फिर से विचार करने के दिए संकेत